Satna News: हंगामे की भेंट चढ़ा सतना निगम का बजट सत्र 19 करोड़ का घाटा और पार्षदों की तीखी भिड़ंत के बीच पारित
Satna News: सतना नगर निगम की परिषद बैठक में वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन भारी हंगामे के बीच बजट पास कर दिया गया। 4 अरब 66 करोड़ 66 लाख रुपये की आय वाले इस बजट में 19 करोड़ 66 लाख रुपये का घाटा दर्शाया गया है। बैठक की सबसे बड़ी खबर महापौर द्वारा 10% प्रॉपर्टी टैक्स वृद्धि के फैसले को वापस लेना रही, जिससे विपक्ष के विरोध की योजना धरी की धरी रह गई।
टैक्स वृद्धि का फैसला वापस, महापौर ने सबको चौंकाया
वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन आयोजित इस विशेष बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी को लेकर कड़े विरोध के आसार थे। हालांकि, महापौर योगेश ताम्रकार ने सदन के पटल पर बजट रखते हुए घोषणा की कि चालू वर्ष में राजस्व विभाग ने 26 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड वसूली की है, जो पिछले साल से 10% अधिक है। इस बेहतर प्रदर्शन का हवाला देते हुए उन्होंने टैक्स बढ़ाने के अपने पुराने निर्णय को वापस ले लिया, जिससे सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही हैरान रह गए।

राजस्व वसूली की पारदर्शिता पर नेता प्रतिपक्ष के सवाल
बजट चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष रावेन्द्र सिंह मिथलेश ने निगम की राजस्व प्रणाली पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि सदन को केवल वसूली के आंकड़े बताए जा रहे हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि कुल लक्ष्य कितना था। मिथलेश ने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर वसूली प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है और जितना पैसा खजाने में आता है, उतना ही अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है।

पार्षद निधि को लेकर कमिश्नर और मेयर में तकरार
बैठक में पार्षद निधि की लंबित फाइलों का मुद्दा भी गरमाया रहा। पार्षद अर्चना गुप्ता और अभिषेक तिवारी ने 25 लाख रुपये की विकास निधि की फाइलों पर रोक को लेकर सवाल उठाए, जिस पर महापौर योगेश ताम्रकार ने भी अपनी ही निगम के कमिश्नर शेर सिंह मीना को घेर लिया। जब कमिश्नर ने अन्य विकास कार्यों का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ना चाहा, तो बहस बढ़ गई। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कमिश्नर ने एक पार्षद से दो टूक कह दिया कि वे उनके “मुंह नहीं लगना चाहते।”
पार्षदों की आपसी भिड़ंत और स्पीकर का बहिर्गमन
सदन की कार्यवाही के दौरान सीवर लाइन, दूषित पानी और खराब स्ट्रीट लाइट जैसे जनहित के मुद्दों पर विपक्ष ने जमकर टोका-टाकी की। जब वरिष्ठ पार्षद गोपी गेलानी ने नैतिकता पर भाषण शुरू किया, तो सत्ता पक्ष के मनीष टेकवानी और विपक्षी पार्षदों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल “तू-तू, मैं-मै” तक पहुंच गया और मर्यादाएं टूटने लगीं। पार्षदों के बीच बढ़ते विवाद और हंगामे से क्षुब्ध होकर विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) राजेश चतुर्वेदी सदन छोड़कर बाहर चले गए।
यह भी पढ़ें: MP News: एमपी के प्रमुख संस्थानों सहित देश के 1100 भवनों को बम से उड़ाने की धमकी भेजने वाला गिरफ्तार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

