Sidhi News: सीधी में घरेलू LPG सिलेंडरों से गैस चोरी का आरोप, वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप
Sidhi News: सीधी जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों से कथित गैस चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।

वीडियो में कर्मचारी करते दिखे गैस ट्रांसफर
वायरल वीडियो में गैस एजेंसी के कर्मचारी भरे हुए घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली और व्यावसायिक सिलेंडरों में भरते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सीधी शहर की प्रताप गैस एजेंसी का बताया जा रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष ने लगाया आरोप
शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाया है कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर 19 और 35 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडरों में भरी जा रही है, जिन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जाता है।
उपभोक्ताओं को हो रहा आर्थिक नुकसान
आरोप के अनुसार, इस अवैध प्रक्रिया के कारण घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाले सिलेंडरों में 2 से 3 किलोग्राम तक गैस कम कर दी जाती है, जिससे आम जनता को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल
यह पूरी प्रक्रिया न केवल उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद खतरनाक है। किसी भी समय गैस रिसाव या बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है, शिकायत में एजेंसी संचालक और कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई गई है। शिवसेना ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
गोपद बनास के एसडीएम राकेश शुक्ला ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी NH-39 उपनी मार्ग हादसे में घायल लालबहादुर यादव की इलाज के दौरान मौत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
