Sidhi News: सीधी में सड़क पर पढ़ाई का मामला, वायरल वीडियो के बाद दो शिक्षकों को नोटिस, कलेक्टर ने किया तलब
Sidhi News: सीधी जिले के मझौली जनपद शिक्षा केंद्र अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बंजारी में छात्रों को सड़क पर बैठाकर पढ़ाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया.

दो शिक्षकों को जारी हुआ कारण बताओ नोटिस
जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र सीधी ने प्राथमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेश कुमार द्विवेदी और माध्यमिक शिक्षक रामदत्त पनिका को नोटिस जारी किया है. नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय का रास्ता बंद होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दिए बिना बरसात के मौसम में विद्यार्थियों को खुले और असुरक्षित स्थान पर बैठाकर पढ़ाना गंभीर लापरवाही है.

13 जुलाई को कलेक्टर के सामने पेश होंगे शिक्षक
शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को 13 जुलाई 2026 की शाम 5:30 बजे कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
शिक्षकों ने बताई सड़क पर पढ़ाने की वजह
शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय तक पहुंचने वाले दोनों रास्ते भूमि स्वामियों द्वारा बंद कर दिए गए हैं. बरसात के मौसम में हर साल यही समस्या सामने आती है और स्कूल तक पहुंचने का कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं है. उनका दावा है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं निकला. इसी कारण मजबूरी में सड़क पर कक्षा लगाकर अपनी समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया.
स्थायी समाधान की उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय तक पहुंचने के लिए स्थायी रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों का समाधान जल्द होना चाहिए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स जब्त, गंदगी में बन रहा था खाना
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
