Jashpur News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर जशपुर में शतरंज का महासंग्राम, डिप्टी CM अरुण साव ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ

Jashpur News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर जशपुर में शतरंज का महासंग्राम, डिप्टी CM अरुण साव ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ

Jashpur News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर जशपुर में शतरंज का महासंग्राम, डिप्टी CM अरुण साव ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ

Jashpur News: जशपुरनगर में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर शनिवार को खेल और विकास से जुड़ा बड़ा आयोजन हुआ. पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘चेकमेट एट जशपुर-अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का उद्घाटन किया. इस प्रतियोगिता में देशभर के 12 राज्यों से 175 से ज्यादा खिलाड़ी और कोच हिस्सा ले रहे हैं. 29 अगस्त से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 1 सितंबर तक चलेगी, जिसमें खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.

12 राज्यों से पहुंचे खिलाड़ी-कोच, साथ ही 93 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

2.50 लाख की पुरस्कार राशि

शतरंज प्रतियोगिता के लिए कुल 2.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि तय की गई है. मुख्य वर्ग में विजेता खिलाड़ी को 50 हजार रुपए और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 30 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपए के साथ ट्रॉफी दी जाएगी. महिला, वरिष्ठ नागरिक, अलग-अलग आयु वर्ग और रेटिंग कैटेगरी के खिलाड़ियों के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं. जशपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए विशेष पुरस्कार रखे गए हैं और सभी मुकाबले फिडे स्विस प्रणाली के तहत 8 चक्रों में होंगे.

अरुण साव ने बताया शतरंज का महत्व

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है. उन्होंने जशपुर की प्राकृतिक खूबसूरती के बीच राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. अरुण साव ने कहा कि शतरंज भारतीय परंपरा से जुड़ा खेल है, जो खिलाड़ियों में धैर्य, एकाग्रता, रणनीति और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है. उन्होंने विश्वनाथन आनंद जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए जशपुर से नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की जरूरत बताई.

खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने कहा कि जशपुर जैसे वनांचल क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है. उन्होंने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है, जिसे अलग-अलग उम्र के लोग साथ खेल सकते हैं और इससे अनुशासन, शांति, एकाग्रता और धैर्य का विकास होता है. नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने आयोजन को जिले के लिए गौरव बताया, वहीं कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि जिले में इंडोर स्टेडियम, कुनकुरी स्टेडियम के साथ फुटबॉल, क्रिकेट और रॉक क्लाइंबिंग जैसी खेल सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है.

93 करोड़ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार

राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जशपुर जिले को करीब 93 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात भी दी. इसमें 86.99 करोड़ रुपए की अमृत मिशन जल प्रदाय योजना और करीब 7 करोड़ रुपए की गंदे पानी के शुद्धीकरण से संबंधित वाटर फिल्टर परियोजनाएं शामिल हैं. इसके साथ ही जशपुर नगर में 4.68 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की गई. रानी सती तालाब के विकास के लिए 4.30 करोड़ रुपए, हाईटेक बस स्टैंड के लिए 11.99 करोड़ रुपए और वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल के जीर्णोद्धार के लिए 80 लाख रुपए की राशि की जानकारी दी गई. उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जशपुर के विकास कार्यों के लिए सरकार धन की कमी नहीं आने देगी.

यह भी पढ़ें :  CG News: छत्तीसगढ़ के 65 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा अपडेट, अब E-KYC जरूरी

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें