CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रायपुर दौरे पर ट्रैफिक अलर्ट, 11 से ज्यादा सड़कें रहेंगी बंद
CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 अक्टूबर को रायपुर दौरे को लेकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे. राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन के आसपास 11 से ज्यादा सड़कों पर दो दिनों तक आवागमन प्रभावित रहेगा. सुरक्षा के मद्देनजर सड़कों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और काफिले के गुजरने के दौरान प्रमुख मार्गों पर करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक रोका जाएगा. इससे शहर के 25 हजार से ज्यादा लोगों को परेशानी होने की आशंका है.

एयरपोर्ट से लोकभवन तक रहेगा सुरक्षा का पहरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर एयरपोर्ट से सीधे लोकभवन पहुंचेंगी. इसके बाद वह बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी और फिर लोकभवन लौटकर रात्रि विश्राम करेंगी. अगले दिन सुबह राष्ट्रपति बस्तर के लिए रवाना होंगी और शाम को रायपुर लौटने के बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी. उनके दौरे को देखते हुए 2000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था में आईजी, डीआईजी समेत विभिन्न रैंक के अधिकारी और दूसरे शहरों से आने वाला पुलिस बल भी शामिल रहेगा.

शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा में बढ़ेगी परेशानी
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के कारण शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा क्षेत्र में यातायात पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है. इन इलाकों के प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बनने की आशंका है. प्रशासन की ओर से काफिले के गुजरने से पहले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकने और वैकल्पिक रास्तों से यातायात संचालित करने की व्यवस्था की जाएगी.
इन प्रमुख रास्तों पर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
पुराना पुलिस मुख्यालय से राजभवन चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. इस मार्ग के लिए कलेक्टोरेट चौक की ओर से वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल किया जा सकेगा. वहीं, एलआईसी ऑफिस से सिविल लाइंस रोड पर भी आवागमन रोका जाएगा और वाहन चालकों को आयकर भवन के पास से वैकल्पिक मार्ग दिया जाएगा, राष्ट्रपति के इनडोर स्टेडियम जाने के दौरान राजभवन चौक से सप्रे शाला की ओर जाने वाले रास्ते पर काली माता मंदिर और महिला थाना क्षेत्र में करीब आधे घंटे पहले से यातायात रोका जा सकता है. वापसी के दौरान बूढ़ेश्वर चौक से राजभवन चौक के बीच महिला थाना और ओसीएम चौक की ओर यातायात प्रभावित रहेगा.
एयरपोर्ट जाने और आने वालों को रखना होगा ध्यान
राष्ट्रपति के एयरपोर्ट से लोकभवन पहुंचने के दौरान माना एयरपोर्ट, वीआईपी रोड, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ब्रिज और एसआरपी चौक से जुड़े मार्गों पर यातायात रोका जाएगा. इसी तरह लोकभवन से एयरपोर्ट लौटते समय एसआरपी चौक, शंकर नगर और एक्सप्रेस-वे के रास्ते माना एयरपोर्ट तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी, ऐसे में 22 और 23 अक्टूबर को रायपुर में यात्रा करने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की योजना बनाने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है. खासकर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलना चाहिए, ताकि ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण उनकी यात्रा प्रभावित न हो.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में भारत की धमाकेदार जीत, जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराकर सीरीज पर किया कब्जा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रायपुर दौरे पर ट्रैफिक अलर्ट, 11 से ज्यादा सड़कें रहेंगी बंद”