Rewa News: नशे को लेकर सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान चर्चा में, लड़कियों में भी बढ़ रही लत का किया दावा
Rewa News: रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान सामने आने के बाद वे फिर चर्चा में हैं. बुधवार को जारी वीडियो में उन्होंने समाज में नशे की बढ़ती आदत को लेकर चिंता जताई. सांसद ने दावा किया कि करीब 95 प्रतिशत घरों में कोई न कोई व्यक्ति नशा करता है. उनके मुताबिक, किसी परिवार में पिता तो किसी में बेटा नशे की गिरफ्त में है. उन्होंने यह भी कहा कि अब कुछ घरों में लड़कियां भी नशा करने लगी हैं.

बोले- मेरी लड़ाई नशे के खिलाफ
अपने बयान पर सफाई देते हुए जनार्दन मिश्रा ने कहा कि उनका विरोध नशे से है, न कि समाज या महिलाओं से. उन्होंने अपनी आदत का उदाहरण देते हुए कहा, “मैं खुद बहुत तंबाकू खाता था, लेकिन इसे छोड़ दिया.” सांसद ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह के भीतर तंबाकू की लत छोड़ दी थी, सांसद का कहना है कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है. इसके लिए परिवार और समाज को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. उन्होंने माता-पिता से बच्चों की संगत, गतिविधियों और व्यवहार पर नजर रखने की अपील की, जनार्दन मिश्रा ने मेडिकल नशे के बढ़ते चलन और रीवा में कोरेक्स के अवैध कारोबार का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने इस पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई.
किसानों पर दिए बयान को लेकर भी हुआ था विवाद
रीवा सांसद इससे पहले किसानों को लेकर दिए गए बयान के कारण भी चर्चा में आए थे. कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि किसान तीन महीने खेती में मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलते हैं, राजश्री खाते हैं और शराब पीते हैं. इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया था, किसानों को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान की आलोचना की थी. पटवारी ने किसानों को लेकर की गई टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए सांसद से माफी मांगने की मांग की थी. उन्होंने चेतावनी दी थी कि माफी नहीं मांगने पर किसानों के साथ सड़क पर विरोध किया जाएगा.
मेरी बात को गलत तरीके से पेश किया गया
विवाद के बाद जनार्दन मिश्रा ने अपने बयान पर सफाई दी थी. उन्होंने कहा था कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. सांसद के मुताबिक, वे गौशाला में गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां किसानों से उनकी समस्याओं पर चर्चा हो रही थी. इसी दौरान उनके मुंह से कुछ ऐसे शब्द निकल गए, जिससे किसानों को ठेस पहुंची. उन्होंने कहा था कि उनका किसी किसान को दुख पहुंचाने का इरादा नहीं था और यदि उनकी बात से किसी किसान भाई को ठेस पहुंची है तो वे माफी मांगते हैं.
यह भी पढ़ें : Rewa News: किसानों पर टिप्पणी के बाद सांसद जनार्दन मिश्रा ने दी सफाई, गौपालन और दुग्ध उत्पादन को बताया समृद्धि का रास्ता
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: नशे को लेकर सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान चर्चा में, लड़कियों में भी बढ़ रही लत का किया दावा”