Rewa News: मॉडल स्कूल में संबल योजना की फीस को लेकर विवाद, शिक्षक के खिलाफ पोस्टरबाजी, प्राचार्य ने शुरू कराई जांच
Rewa News: रीवा के मॉडल स्कूल में संबल योजना की फीस को लेकर चल रहा विवाद अब पोस्टरबाजी तक पहुंच गया है. बुधवार शाम स्कूल परिसर में शिक्षक श्यामाचरण उपवंशी लोधी के खिलाफ पोस्टर लगाए गए. इन पोस्टरों में शिक्षक को ‘संबल पैसा चोर’ बताते हुए उनसे सवाल किए गए हैं. पोस्टर सामने आने के बाद स्कूल परिसर में हलचल बढ़ गई.
संबल की राशि वापस नहीं मिलने का लगाया आरोप
दरअसल, मॉडल स्कूल के कई विद्यार्थियों का आरोप है कि संबल योजना के तहत जमा कराई गई फीस की राशि उन्हें वापस नहीं मिली. छात्रों के मुताबिक, संबल योजना की रकम में से कोचिंग फीस के नाम पर पैसे काटे जाते थे. उनका कहना है कि जो विद्यार्थी कोचिंग नहीं जाते थे, उन्हें भी उनकी राशि वापस नहीं मिली.
सिद्धांत तिवारी ने साथियों के साथ सौंपे आवेदन
इस मामले में छात्र सिद्धांत तिवारी अपने साथियों के साथ आवेदन लेकर सामने आए. सिद्धांत का कहना है कि शिक्षक की ओर से दावा किया गया था कि कुछ विद्यार्थियों को संबल की राशि वापस कर दी गई है. इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें और उनके साथियों को अब तक कोई पैसा नहीं मिला है. उन्होंने कई विद्यार्थियों के आवेदन भी प्रस्तुत किए और दावा किया कि किसी भी छात्र को राशि वापस नहीं मिली है.
कई विद्यार्थियों ने आवेदन देकर उठाई मांग
आवेदन देने वाले विद्यार्थियों में सिद्धांत तिवारी, अधिकृत, आदर्श, अमित, अभय और सुमित सहित अन्य छात्र शामिल रहे. विद्यार्थियों ने अपनी राशि वापस दिलाने और मामले की जांच कराने की मांग उठाई है, छात्र नेता पीएन पांडेय ने भी इस मामले में सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ है. उन्होंने संबल योजना की राशि और कोचिंग फीस के नाम पर की गई कटौती को लेकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है.
सरकारी शिक्षक के निजी कोचिंग संचालन पर सवाल
विवाद के बीच छात्रों ने सरकारी शिक्षक द्वारा निजी कोचिंग संस्थान संचालित करने को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने पूछा है कि क्या सरकारी शिक्षक को निजी कोचिंग संचालित करने की अनुमति है. यदि इसकी अनुमति है, तो क्या स्कूल में संबल योजना के तहत जमा कराई गई फीस से कोचिंग का शुल्क काटा जा सकता है. छात्रों ने इन सभी बिंदुओं की जांच कर उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है, मामले को संदिग्ध मानते हुए स्कूल के प्राचार्य ने जांच शुरू करा दी है. वहीं, शिक्षक श्यामाचरण उपवंशी लोधी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है और आरोपों से इनकार किया है. फिलहाल संबल योजना की राशि को लेकर छात्रों के आरोप और शिक्षक का पक्ष आमने-सामने हैं, जबकि जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: नशे को लेकर सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान चर्चा में, लड़कियों में भी बढ़ रही लत का किया दावा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: मॉडल स्कूल में संबल योजना की फीस को लेकर विवाद, शिक्षक के खिलाफ पोस्टरबाजी, प्राचार्य ने शुरू कराई जांच”