CG News: जनजातीय गौरव दिवस पर विशेष आयोजन की तैयारी, पिछड़ी जनजातियों को मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं
CG News: छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा. यह दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के साथ देश के उन जनजातीय वीरों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई जाएगी. केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी. इस आयोजन के जरिए जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया जाएगा.
![]()
जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को किया जाएगा याद
जनजातीय गौरव दिवस पर छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सम्मान के साथ याद किया जाएगा. इनमें शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गैंदसिंह, वीर गुण्डाधूर, महली भगत, मांझीराम गोंड, राजनाथ भगत, लाल कालिंदर सिंह, कंगला मांझी, तिलका मांझी, वीर सीताराम कंवर, ठाकुर रामप्रसाद पोटाई और रानी दुर्गावती जैसे महान नाम शामिल हैं. इन वीरों ने अपने साहस और संघर्ष से जनजातीय समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया.
पांच विशेष पिछड़ी जनजातियों पर फोकस
जनजातीय समुदायों के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने 15 नवंबर 2023 को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान यानी पीएम-जनमन की शुरुआत की थी. इस अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों यानी पीवीटीजी परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है. छत्तीसगढ़ में बैगा, पहाड़ी कोरवा, कमार, अबूझमाड़िया और बिरहोर जनजातियों को इस अभियान के दायरे में शामिल किया गया है. राज्य के 1,545 गांवों और 2,365 बसाहटों में योजना के तहत विभिन्न सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है. यह अभियान 9 मंत्रालयों की 11 प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से संचालित हो रहा है.

34,691 आवास स्वीकृत
पीएम-जनमन के तहत छत्तीसगढ़ में विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है. योजना के अंतर्गत अब तक 34,691 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 24,218 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर बनाने के लिए 2,901 किलोमीटर सड़कें स्वीकृत की गई हैं. इनमें से 1,833 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है. इन कार्यों से दूरस्थ जनजातीय बस्तियों को आवास और सड़क जैसी जरूरी सुविधाओं से जोड़ने में मदद मिल रही है.
बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
योजना के अंतर्गत बिजली और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी काम किया जा रहा है. ऑनग्रिड विद्युतीकरण के तहत 7,349 परिवारों को लाभान्वित किया जा चुका है. वहीं ऑफग्रिड विद्युतीकरण के लिए चयनित 1,490 गांवों में से 940 गांवों में काम पूरा हो चुका है. पेयजल सुविधा के लिए चिह्नित 1,425 गांवों में से 510 गांवों में शत-प्रतिशत कवरेज हासिल किया गया है. स्वास्थ्य सेवाओं को दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाने के लिए 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है.
कौशल प्रशिक्षण से बढ़ेंगे अवसर
पीएम-जनमन के तहत सामाजिक विकास और रोजगार के अवसरों पर भी ध्यान दिया जा रहा है. राज्य में 191 आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत किए गए हैं और सभी 191 केंद्र संचालित हैं. इनके लिए स्वीकृत 187 भवनों में से 68 का निर्माण पूरा हुआ है. वनधन विकास के अंतर्गत 16 केंद्रों का काम पूरा किया जा चुका है. इसके अलावा 75 बहुउद्देशीय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 51 तैयार हो चुके हैं. युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 1,719 के लक्ष्य के मुकाबले 849 युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है. शिक्षा के विस्तार के लिए 40 छात्रावास स्वीकृत हैं, जबकि मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 135 टावर साइटों में से 37 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं.
दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने की पहल
पीएम-जनमन अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल इलाकों में रहने वाले परिवारों तक आवास, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. योजना के तहत हो रहे कार्यों से विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों के लिए सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. जनजातीय गौरव दिवस पर जहां स्वतंत्रता संग्राम के महान जनजातीय नायकों को याद किया जाएगा, वहीं इन समुदायों के विकास और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए चल रहे प्रयास भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे.
यह भी पढ़ें : CG Success Story: पीएम सूर्य घर योजना से बदली हरीश ठाकुर के घर की तस्वीर, बिजली खर्च से मिली राहत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: जनजातीय गौरव दिवस पर विशेष आयोजन की तैयारी, पिछड़ी जनजातियों को मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं”