Rewa News: रीवा के रोझौही में परमाणु बिजली परियोजना का विरोध तेज, ग्रामीणों ने दी चिता में जान देने की चेतावनी
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा जिले के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है. शुक्रवार को आंदोलन का आठवां दिन रहा, जब सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण धरना स्थल पर जुटे. ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि प्रस्तावित परमाणु बिजली परियोजना को पूरी तरह रद्द किया जाए. आंदोलन को समर्थन देने के लिए समाजसेवी और जनप्रतिनिधि भी धरना स्थल पर पहुंचे.

समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने जताया समर्थन
आंदोलन के समर्थन में देश बचाओ आध्यात्मिक राष्ट्रीय पुनर्जागरण अभियान के राष्ट्रीय प्रचारक मुद्रिका प्रसाद त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य लालमणि त्रिपाठी, गांधी विचार मंच के समाजसेवी रामेश्वर गुप्ता, देवेंद्र मिश्रा और भगवानदीन शुक्ला सहित कई लोग शामिल हुए. उन्होंने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए परियोजना को लेकर अपनी चिंता जाहिर की, परियोजना के विरोध में ग्रामीण पहले जल सत्याग्रह और आमरण अनशन जैसे आंदोलन कर चुके हैं. इसके बावजूद मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्होंने चिता आंदोलन शुरू कर दिया. धरना स्थल पर ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रस्तावित परियोजना रद्द नहीं की गई, तो वे इसी चिता में अपने प्राण त्याग देंगे.

पूरे विंध्य के पर्यावरण से जुड़ा बताया मुद्दा
समर्थन देने पहुंचे लोगों का कहना है कि यह परियोजना केवल रोझौही और सरई कला तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध पूरे विंध्य क्षेत्र के पर्यावरण और स्थानीय लोगों के भविष्य से है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निजी कंपनियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में परमाणु बिजली परियोजनाओं को बढ़ावा दे रही है. समर्थकों ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में सात न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए स्थान प्रस्तावित किए जाने की बात सामने आई है.
जल सत्याग्रह के दौरान महिला की मौत से आक्रोश
आंदोलन से जुड़ा आदिवासी महिला विमला आदिवासी की मौत का मामला भी ग्रामीणों के गुस्से की बड़ी वजह बना हुआ है. जल सत्याग्रह के दौरान हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर उनकी मांगों और समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया था. महिला की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया, आंदोलन के आठवें दिन भी ग्रामीण अपनी मांग पर कायम हैं. धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को रद्द करने की मांग दोहराई गई. फिलहाल ग्रामीणों और प्रशासन के बीच इस मामले में किसी ठोस समाधान की जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में पत्थर से हमला कर 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, बाइक और मोबाइल चोरी कर भागा था आरोपी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










