CG News: रजिस्ट्री सेवाओं में बड़ा सुधार, मुख्यमंत्री साय ने चार नए उप-पंजीयक कार्यालय खोलने को दी मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिक सुविधाओं को और सुलभ बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के तीन जिलों में चार नए उप-पंजीयक कार्यालय खोलने की मंजूरी दी है, ये कार्यालय धमतरी जिले के भखारा, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लवन, तथा बिलासपुर जिले के सकरी और राजकिशोर नगर में स्थापित किए जाएंगे.
अब जिला मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं
नए उप-पंजीयक कार्यालय खुलने से संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को अब रजिस्ट्री और पंजीयन कार्यों के लिए जिला मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, इससे समय और धन दोनों की बचत होगी और पंजीयन प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी, सरकार का मानना है कि, नए कार्यालयों के संचालन से जिला मुख्यालयों में पंजीयन से जुड़ी भीड़ कम होगी, साथ ही सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और दस्तावेज़ों के निपटारे में तेजी आएगी.

सेवाएं लोगों के दरवाजे तक: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को सुशासन की दिशा में सशक्त कदम बताया, उन्होंने कहा कि, सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को आम नागरिकों के नजदीक पहुंचाना है, ताकि लोगों को कार्यालयों की अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिल सके.
डिजिटल तकनीक से होगी पंजीयन प्रक्रिया
वित्त एवं वाणिज्य कर (पंजीयन) मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि, इन नए कार्यालयों में पंजीयन विभाग द्वारा लागू किए गए 10 हाई-टेक सुधारों को पूरी तरह अपनाया जाएगा, इससे रजिस्ट्री प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान और सुरक्षित होगी.

घर बैठे रजिस्ट्री से लेकर कैशलेस भुगतान तक
नए उप-पंजीयक कार्यालयों में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के माध्यम से घर बैठे रजिस्ट्री, ऑटो डीड जनरेशन, पंजीयन के साथ स्वतः नामांतरण, WhatsApp और डिजीलॉकर के जरिए डिजिटल दस्तावेज़ उपलब्ध कराने की सुविधा होगी, साथ ही कैशलेस भुगतान प्रणाली से लेन-देन पूरी तरह पारदर्शी रहेगा.
आधार और बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य
मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन और ऑनलाइन सर्च जैसी सुविधाओं से रजिस्ट्री से जुड़े मामलों में धोखाधड़ी की संभावनाएं लगभग समाप्त हो जाएंगी, जिससे आम नागरिकों का भरोसा और मजबूत होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना में छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास, 10 महीनों में 5 लाख आवास बनाकर बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










