CG News: बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शिरकत, बस्तर की संस्कृति को मिला राष्ट्रीय सम्मान
CG News: छत्तीसगढ़ में आयोजित बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की, इस गरिमामय अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

बस्तर की पहचान: संस्कृति से, हिंसा से नहीं
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, कुछ वर्ष पहले तक नक्सलवाद के भय के कारण बस्तर की स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी, उन्होंने कहा कि, आज 55,000 से अधिक आदिवासी नागरिक बस्तर की 12 सांस्कृतिक विधाओं भोजन, लोकगीत, नृत्य, नाटक, परिधान, परंपराएँ और वन-आधारित औषधियों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को पुनर्जीवित कर रहे हैं, जो एक ऐतिहासिक और सार्थक उपलब्धि है.

बस्तर पंडुम से सजीव हुई सांस्कृतिक धरोहर
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर की संस्कृति में नई ऊर्जा का संचार किया है, जहाँ पिछली बस्तर पंडुम में 7 विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई थीं, वहीं इस बार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 5 नई विधाओं को जोड़कर कुल 12 सांस्कृतिक विधाओं में आदिवासी प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया, इस आयोजन में 7 जिलों, 32 विकासखंडों और 1,885 ग्राम पंचायतों के प्रतिभागियों ने सहभागिता की.

बस्तर की संस्कृति को मिलेगा वैश्विक मंच
अमित शाह ने कहा कि, बस्तर जैसी समृद्ध सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत दुनिया के बहुत कम क्षेत्रों में देखने को मिलती है, उन्होंने कहा कि, बस्तर का नृत्य, कला और संस्कृति केवल छत्तीसगढ़ की नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि, बस्तर की संस्कृति देश और दुनिया तक पहुँचे और बस्तर की पहचान उसकी संस्कृति और इतिहास से बने, न कि बंदूकों से.

आदिवासी कल्याण और सांस्कृतिक गौरव
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि, केंद्र सरकार आदिवासी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस और उनकी 150वीं जयंती को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया, सरकार द्वारा आदिवासी हस्तशिल्प, भोजन, संस्कृति और वन उत्पादों को बढ़ावा देते हुए लगभग 5 लाख उत्पादों का विपणन किया गया है.

नक्सलवाद के विरुद्ध स्पष्ट और निर्णायक संदेश
अमित शाह ने कहा कि, नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई का उद्देश्य आदिवासी किसानों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा है, उन्होंने बचे हुए नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील करते हुए कहा कि, आत्मसमर्पण करने वालों को सम्मानजनक पुनर्वास मिलेगा, साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि, गांवों में हिंसा, आईईडी लगाने और स्कूल–अस्पताल जलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, “हथियारों का जवाब हथियारों से दिया जाएगा.”

बस्तर में विकास और रोजगार की नई तस्वीर
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि, बस्तर अब एक मजबूत राष्ट्रीय ब्रांड के रूप में उभर रहा है, प्रमुख विकास कार्यों में शामिल हैं
• 40 वर्षों से बंद स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र पुनः शुरू
• अगले 5 वर्षों में बस्तर को सबसे विकसित आदिवासी क्षेत्र बनाने का लक्ष्य
• पर्यटन, होमस्टे, कैनोपी वॉक और ग्लास ब्रिज से रोजगार सृजन
• 118 एकड़ का औद्योगिक एवं ऑटो गिग ज़ोन
• रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना का शुभारंभ
• इंद्रावती नदी पर 36 करोड़ की सिंचाई परियोजना से 120 मेगावाट बिजली उत्पादन
• गांवों में बैंक, पोस्ट ऑफिस और मोबाइल टावर
• धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल और प्रति व्यक्ति 5 किलो मुफ्त चावल

बस्तर में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर
अमित शाह ने कहा कि, आज बस्तर में रात के समय भी सांस्कृतिक नृत्य और उत्सव देखने को मिल रहे हैं, बस्तर ओलंपिक्स की सफलता और बस्तर पंडुम का निरंतर विस्तार इस बदलाव का प्रमाण है, उन्होंने सुरक्षा बलों और शहीदों के परिवारों के योगदान को नमन करते हुए विश्वास जताया कि, निश्चित समय में बस्तर नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में स्टार्टअप और डिजिटल इनोवेशन को मिलेगा नया आयाम, एसटीपीआई के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










