Jashpur News: जशपुर में अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम, बच्चों से रूबरू होंगे अशोक चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला
Jashpur News: जिला प्रशासन जशपुर द्वारा 4 फरवरी को आयोजित ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम अब अपने अंतिम और निर्णायक चरण में पहुंच गया है, यह आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य आदिवासी अंचल के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ना और उनके सपनों को नई दिशा देना है.
बच्चों में वैज्ञानिक सोच जगाने की पहल
पहाड़ों और जंगलों के बीच रहने वाले बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए यह कार्यक्रम एक अनूठी पहल है, जिला प्रशासन चाहता है कि, जशपुर के बच्चे भी अंतरिक्ष की ऊंचाइयों को छूने का सपना देखें और उसे साकार करने की प्रेरणा लें.
![]()
अशोक चक्र विजेता शुभांशु शुक्ला होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला होंगे, जिन्हें 77वें गणतंत्र दिवस पर देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया है, उनका जशपुर आगमन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है.
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के अनुभव करेंगे साझा
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने एएक्स-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर 18 दिन बिताए हैं, रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में वे 10 हजार से अधिक स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे और अंतरिक्ष में जीवन से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे.
प्रशासन ने संभाली तैयारियों की कमान
कार्यक्रम की व्यापकता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी अभिषेक कुमार ने स्वयं तैयारियों की कमान संभाली है, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू और डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा के साथ स्टेडियम का निरीक्षण कर विभागीय जिम्मेदारियां तय की गई हैं.

वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का मंच
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, यह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टि और नवाचार की भावना विकसित करने का एक सशक्त मंच है.
अंतरिक्ष जीवन और भविष्य के मिशनों पर संवाद
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला बच्चों को अपने कठिन प्रशिक्षण, जीरो ग्रेविटी के अनुभव, अंतरिक्ष में जीवन की चुनौतियों और भारत के भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी देंगे.
प्रतियोगिताएं और स्पेस प्रदर्शनी रहेंगी आकर्षण
कार्यक्रम स्थल पर नारा लेखन, चित्रकारी, निबंध, रंगोली और स्केच मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, युवाओं के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट और अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, कार्यक्रम ‘इंडिया इन स्पेस’ थीम पर आधारित होगा.
सुरक्षा और सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था
बच्चों के परिवहन के लिए बसों की व्यवस्था की गई है, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम तैनात रहेगी, हाई-टेक साउंड सिस्टम, लाइव स्ट्रीमिंग, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की भी समुचित व्यवस्था की गई है.
यह भी पढ़ें : Jashpur News: जशपुर में सड़क सुरक्षा माह का समापन, 24×7 हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को दिखाई गई हरी झंडी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










