MP News: जबलपुर में बड़ा फूड पॉइजनिंग मामला, परिवार के 18 सदस्य अस्पताल में
MP News: जबलपुर में मंदिर में चढ़ाए गए प्रसाद की मिठाई खाने से एक ही परिवार के 18 लोग बीमार हो गए। सभी को जबलपुर और नरसिंहपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है। प्रारंभिक आशंका फूड पॉइजनिंग की जताई जा रही है।
प्रसाद खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार भेड़ाघाट चौराहे पर रहने वाले पटेल परिवार ने बुधवार को बीकानेर स्वीट्स से करीब 4 किलो मिठाई खरीदी थी। गुरुवार को परिवार के सदस्य त्रिपुर सुंदरी मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-पाठ के बाद वही मिठाई प्रसाद के रूप में ग्रहण की गई। शाम होते-होते परिवार के कई सदस्यों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिससे घर में हड़कंप मच गया।
18 लोग अस्पताल में भर्ती
हालत ज्यादा बिगड़ने पर शुक्रवार को सभी बीमारों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। कुछ लोगों को जिला अस्पताल जबलपुर और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि कई मरीजों को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। बीमारों में दो पुरुष और बाकी महिलाएं व बच्चे शामिल हैं। एक मरीज की हालत नाजुक होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
पीड़ित परिवार के रिश्तेदार रोहित पटेल ने बताया कि मिठाई खाने के बाद अचानक सभी की तबीयत खराब हुई। वहीं विक्टोरिया जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी के अनुसार डायरिया के चार मरीज अस्पताल पहुंचे थे, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। एक साथ कई लोगों के बीमार होने को संदेहजनक मानते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।
यह भी पढ़े: Rewa News: रीवा में RTO अवैध वसूली से भड़के चालक, सड़क पर बवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









