Rewa News: सीएम मोहन ने रीवा में किया भैरवनाथ मंदिर का लोकार्पण, 26 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी
Rewa News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर रीवा पहुंचे, दोपहर साढ़े 3 बजे वे गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने 1.80 करोड़ रुपए की लागत से जीर्णोद्धार किए गए भैरवनाथ मंदिर का लोकार्पण किया.
10वीं शताब्दी की दुर्लभ प्रतिमा को मिला नया स्वरूप
गुढ़ के समीप ग्राम खामडीह स्थित भैरव बाबा की विशाल और दुर्लभ शयन मुद्रा वाली प्राचीन प्रतिमा लगभग 10वीं शताब्दी की मानी जाती है, वर्षों तक खुले आसमान के नीचे रही इस प्रतिमा के चारों ओर अब एलएडी योजना के तहत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से दो मंजिला भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है.

पूजा-अर्चना के बाद विशाल जनसभा
कार्यक्रम भैरवनाथ मंदिर परिसर में ही आयोजित हुआ, मुख्यमंत्री ने भगवान भैरवनाथ की पूजा-अर्चना कर ध्वज चढ़ाया, इसके बाद उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया और शासन की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरण किया, कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने की.
विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने रीवा प्रवास के दौरान करीब 26 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बने विकास कार्यों का लोकार्पण किया, इनमें भैरवनाथ मंदिर के साथ दो प्रमुख सड़कों का उद्घाटन भी शामिल रहा, सीएम ने धार्मिक पर्यटन, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं.
गुढ़-रीवा के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से कई बड़ी घोषणाएं कीं,
• गुढ़ में पोस्टमार्टम रूम के लिए अलग भवन
• सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे भवन का निर्माण
• भैरवनाथ मंदिर के पास 2 एकड़ में इंडस्ट्रियल एरिया
• मंदिर परिसर में रेड स्टोन मॉड्यूलिंग के लिए 2 करोड़ रुपए
• भैरव सरोवर विकास के लिए 20 करोड़ रुपए
• मंदिर परिसर में पुलिस चौकी, विश्राम गृह और गोशाला का निर्माण
कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि, कांग्रेस हमेशा मंदिर निर्माण का विरोध करती रही है, उन्होंने कहा कि, उनकी सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर, उज्जैन में महाकाल लोक, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सोमनाथ और मैहर माता मंदिर सहित देशभर में धार्मिक स्थलों का विकास किया है.
चित्रकूट के लिए 2000 करोड़ का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि, भगवान राम ने अपने वनवास का सबसे लंबा समय चित्रकूट में बिताया, अब चित्रकूट के समग्र विकास के लिए 2000 करोड़ रुपए की लागत से भव्य योजना बनाई गई है.
इंडस्ट्रियल एरिया से मिलेगा रोजगार
सीएम ने बताया कि, गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह की मांग पर भैरवनाथ मंदिर से सटे क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जाएगा, इससे रीवा और आसपास के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे.
सांसद और डिप्टी सीएम के बयान
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि, रीवा में सिंचाई परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ का बजट दिया गया है, लेकिन भैरवनाथ क्षेत्र के लिए और बजट की जरूरत है, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि, रीवा में रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव से पर्यटन और उद्योग को नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में रहे ये जनप्रतिनिधि मौजूद
समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक नागेंद्र सिंह, दिव्यराज सिंह, सिद्धार्थ तिवारी, नरेंद्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, पूर्व महापौर एवं भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : MP News: लाडली बहना योजना 2026, फरवरी में आएगी 33वीं किस्त, ऐसे करें चेक
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










