Rewa News: रीवा में शिव बारात को लेकर तनाव, पोस्टर हटाने पर फूटा जनाक्रोश
Rewa News: रीवा में महाशिवरात्रि से पहले शिव बारात के पोस्टर हटाए जाने पर बवाल मच गया। सनातनी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। आयोजन समिति ने कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया। प्रशासन के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन चेतावनी दी गई कि आयोजन में बाधा स्वीकार नहीं होगी।
सड़कों पर उतरे सनातनी संगठन
महाशिवरात्रि के अवसर पर रीवा में निकलने वाली पारंपरिक शिव बारात से पहले उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों से शिव बारात के पोस्टर हटाए गए। इस कार्रवाई से नाराज सनातनी संगठनों और आयोजन समिति के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की शुरुआत प्रकाश चौक से हुई, जहां सड़क पर बैठकर धरना दिया गया और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शिल्पी प्लाजा सहित अन्य इलाकों में पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
भावुक हुए मुख्य आयोजक
विरोध के दौरान शिव बारात आयोजन समिति के मुख्य आयोजक एवं कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनीष गुप्ता भावुक हो गए। गुस्से और पीड़ा में उन्होंने बीच सड़क अपने कपड़े उतार दिए और फूट-फूटकर रोते नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा यह कार्रवाई सुनियोजित है और सिर्फ हिंदू धार्मिक आयोजन को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि शहर में अन्य कार्यक्रमों के पोस्टर लगे हुए हैं, लेकिन केवल शिव बारात के पोस्टर हटाए गए, जो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
प्रशासन की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर निगम आयुक्त प्रकाश द्विवेदी ने आयोजन समिति से बातचीत कर आश्वासन दिया कि नियमों के तहत निष्पक्ष कार्रवाई होगी। इसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। हालांकि आयोजन समिति ने चेतावनी दी कि यदि शिव बारात में किसी भी तरह की बाधा आई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। गौरतलब है कि रीवा की शिव बारात 40 वर्षों से अधिक पुरानी परंपरा है और विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए भी जानी जाती है।
यह भी पढ़े: MP News: जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर हादसा, शाहपुरा में रेस्क्यू ऑपरेशन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










