Sidhi News: सीधी पुजारी हत्याकांड पर जनआक्रोश, कुसमी में तहसील-एसडीएम कार्यालय घेराव, बाजार बंद
Sidhi News: सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में हुए पुजारी हत्याकांड के बाद ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। मंगलवार को न्याय की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों ने तहसील कार्यालय और एसडीएम दफ्तर का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। विरोध के समर्थन में कुसमी का पूरा बाजार बंद रहा और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।
अधिकारियों की अनुपस्थिति से भड़का जनाक्रोश
धरना प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और गरमा गई जब प्रदर्शनकारियों को जानकारी मिली कि एसडीएम और तहसीलदार कार्यालय में मौजूद नहीं हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी अधिकारियों का मौके पर न होना प्रशासन की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है। हालांकि, प्रशासन की ओर से बताया गया कि संबंधित अधिकारी शासकीय कार्य के सिलसिले में कलेक्ट्रेट गए हुए हैं।
धरने में रखी गई चार बड़ी मांगें
धरने पर बैठे लोगों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं—
मृतक पुजारी के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
आरोपियों के अवैध निर्माण और अतिक्रमण को तत्काल ध्वस्त किया जाए।
क्षेत्र में संचालित गैरकानूनी वधशाला को पूरी तरह हटाया जाए।
घटना से जुड़े संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली जाए, जहां अवैध हथियार होने की आशंका है।

समाज और व्यापारियों का मिला व्यापक समर्थन
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आंदोलन में केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि व्यापारी वर्ग और आम नागरिक भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
कुसमी के एसडीएम वी.के. आनंद ने कहा कि वे प्रशासनिक कार्य के सिलसिले में कलेक्ट्रेट में हैं, लेकिन पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Rewa News: रीवा में एनडीपीएस मामले में हेरफेर के आरोप पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









