Sidhi News: सीधी में स्कूल से लौट रही बच्चियों को पैसे का लालच देने वाले दो संदिग्ध गिरफ्तार
Sidhi News:रीवा-सीधी मार्ग के बढौरा गांव में सोमवार शाम आठ स्कूली बच्चियों को पैसे का लालच देकर उठाने की कोशिश का मामला सामने आया। ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़कर सेमरिया थाने सौंप दिया।
स्कूल से लौट रही बच्चियों के साथ हुई घटना
रीवा-सीधी मार्ग पर स्थित बढौरा गांव में सोमवार शाम करीब 4 बजे उस समय हंगामा मच गया जब कंटेनर सवार दो लोगों पर आठ स्कूली बच्चियों को पैसे का लालच देकर अपने पास बुलाने की कोशिश करने का आरोप लगा।

जानकारी के अनुसार बच्चियां परीक्षा देकर घर लौट रही थीं। रीवा-सीधी मार्ग से लगभग 100 मीटर दूर कंटेनर खड़ा था। आरोप है कि उसमें बैठे रविंदर सिंह और हरपाल सिंह ने बच्चियों को पैसे देकर अपने पास बुलाने की कोशिश की। बच्चियों के मना करने और शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और सेमरिया थाने सौंप दिया।

ग्रामीणों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सेमरिया थाना पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि बच्चियों को थाने में बैठाया गया है और उन्हें मिलने नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीण सुरेश भुजवा और सीमा साकेत ने बताया कि वे तीन घंटे से थाने के बाहर खड़े हैं, लेकिन पुलिस उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही। ग्रामीणों का कहना है कि संदिग्ध लोग बच्चियों का अपहरण करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस की जांच और संदिग्धों का पक्ष
सेमरिया थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में कंटेनर ड्राइवर ने अलग कहानी बताई है। उसने कहा कि सोमवार को उसकी बेटी का जन्मदिन था और वह पंजाब में अपने घर से दूर था। इसलिए उसने सड़क पर मिली बच्चियों को अपनी बेटी समझकर पैसे देने की कोशिश की ताकि वे कुछ खा सकें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Sidhi News: सीधी में खुशियों के जश्न में दुख हर्ष फायरिंग में युवती की मौत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |








