Sidhi News: सीधी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई ₹5 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
Sidhi News: सीधी जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हल्का मिर्चीवार में पदस्थ पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया को ₹5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता की शिकायत और गोपनीय जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई की।
राजस्व मामलों के निपटारे के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार ग्राम मिर्चीवार निवासी मुनेश्वर प्रसाद सोनी ने पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप था कि पटवारी तीन अलग-अलग राजस्व मामलों के निपटारे के लिए उनसे पैसे की मांग कर रहा था। इन मामलों में वारिसाना से जुड़ा एक प्रकरण भी शामिल था। शिकायतकर्ता के अनुसार पटवारी पहले ही एक मामले के लिए ₹25 हजार ले चुका था और बाकी दो मामलों के निपटारे के लिए लगातार पैसे की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त में दर्ज कराई गई शिकायत
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की।जांच के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने आरोपी पटवारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।

₹5 हजार लेते ही टीम ने किया गिरफ्तार
लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। योजना के तहत सोमवार सुबह करीब 8 बजे शिकायतकर्ता को ₹5 हजार की रिश्वत राशि लेकर पटवारी के पास भेजा गया। शिकायतकर्ता जैसे ही सीधी शहर के जिला अस्पताल के पास स्थित पटवारी के आवास पर पहुंचा और पैसे दिए, तभी पहले से घात लगाकर बैठी लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही पटवारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

सर्किट हाउस में चल रही आगे की कार्रवाई
कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया गया है। लोकायुक्त टीम उसे लेकर सीधी शहर के सर्किट हाउस पहुंची, जहां मामले से जुड़ी आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। टीम द्वारा रिश्वत की राशि और अन्य साक्ष्यों को भी जब्त किया गया है, ताकि मामले में आगे की जांच की जा सके।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज होगा मामला
लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार ने बताया कि शिकायत की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: Mauganj News: मऊगंज में किराना दुकान में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर राख
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










