Sidhi News: सीधी अंतरराज्यीय बस स्टैंड में भारी अव्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं की कमी से यात्रियों में नाराजगी
Sidhi News: मिनी स्मार्ट सिटी योजना के तहत 628.55 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीधी का अंतरराज्यीय बस स्टैंड वर्ष 2022 में पूरा हुआ था। 10 दिसंबर 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा इसका उद्घाटन किया गया था, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को अब तक मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
गंदगी और अव्यवस्था से परेशान यात्री
बस स्टैंड परिसर में गंदगी, पान-गुटखा की पीक और अव्यवस्थित माहौल को लेकर यात्रियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यहां नियमित साफ-सफाई नहीं होती और कई बार महीनों तक सफई न होने की स्थिति भी देखी जाती है।

आधी बसें पुराने स्टैंड से ही संचालित
यात्रियों के अनुसार अभी भी आधी बसें पुराने बस स्टैंड से ही संचालित हो रही हैं, जबकि कई बसें सड़क किनारे से ही यात्रियों को बैठाकर रवाना हो जाती हैं। इससे नए बस स्टैंड का उपयोग पूरी तरह नहीं हो पा रहा है।
शौचालय और बुनियादी सुविधाओं की कमी
यात्रियों ने शौचालयों की खराब स्थिति और साफ-सफाई की कमी की शिकायत की है। उनका कहना है कि यहां न तो पर्याप्त सुविधाएं हैं और न ही साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
यात्रियों की नाराजगी
यात्री रोहित साकेत ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से यहां आ रहे हैं लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। वहीं, पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि पूरे परिसर में गंदगी फैली रहती है और खुले में गंदगी करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
शिवसेना का निरीक्षण और विरोध
इसी अव्यवस्था को लेकर शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे कार्यकर्ताओं के साथ बस स्टैंड पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
प्रशासन पर उठे सवाल
विवेक पांडे ने कहा कि करोड़ों की लागत से बने इस बस स्टैंड की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने बस संचालन में अनियमितताओं और साफ-सफाई की कमी के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया, मामले में गोपद बनास एसडीएम से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और व्यस्त होने की बात कही।
यह भी पढ़ें : MP News: एमपी कांग्रेस में संगठन सृजन तेज, राहुल गांधी रीवा-उज्जैन संभाग की करेंगे समीक्षा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
