Satna News: सतना में लाड़ली बहना योजना का खुलासा, 27 सरकारी कर्मचारी महिलाएं निकलीं अपात्र हितग्राही
Satna News: मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में बड़ा अनियमितता मामला सामने आया है। सतना जिले में 27 ऐसी महिलाओं की पहचान हुई है, जो शासकीय सेवा में होने के बावजूद हर महीने योजना के तहत 1500 रुपए का लाभ ले रही थीं। ट्रेजरी से वेतन भुगतान के दौरान समग्र आईडी लिंक होने पर इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
16 महिला कर्मचारी भी शामिल
जांच में सामने आया कि चिन्हित 27 महिलाओं में से 16 नगर निगम क्षेत्र की कर्मचारी हैं। ये महिलाएं एक तरफ सरकारी वेतन प्राप्त कर रही थीं, वहीं दूसरी तरफ योजना की राशि भी उनके खातों में लगातार पहुंच रही थी। इन 16 महिलाओं ने अब तक कुल 5 लाख 5 हजार 450 रुपए योजना से प्राप्त किए हैं।

समग्र आईडी लिंक होने पर खुला मामला
शुरुआत में योजना के दौरान शासकीय कर्मचारियों की समग्र आईडी वेतन खातों से लिंक नहीं थी। करीब एक साल पहले ट्रेजरी भुगतान के लिए समग्र आईडी अनिवार्य की गई, जिसके बाद यह गड़बड़ी पकड़ में आई। अब संबंधित महिलाओं के खिलाफ पत्राचार शुरू हो चुका है और उनसे राशि वसूली की तैयारी की जा रही है।
समितियां कर रही जांच
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि सभी मामलों की जांच संबंधित निकायों की समितियों द्वारा की जा रही है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि कहीं कुछ महिलाएं योजना में नाम जुड़ने के बाद सरकारी सेवा में तो नहीं आईं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिल सकती है राहत
अधिकारियों के मुताबिक कुछ मामलों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल हो सकती हैं। शासन द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजना का लाभ लेने के लिए विशेष छूट दी गई है, इसलिए ऐसे मामलों में अलग से परीक्षण किया जाएगा, जब मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू हुई थी, तब महिलाओं को सेल्फ डिक्लेरेशन यानी स्व-घोषणा के आधार पर हितग्राही बनाया गया था। वर्तमान में सतना जिले में योजना के 3 लाख 76 हजार से अधिक लाभार्थी हैं।
यह हैं योजना की पात्रता शर्तें
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए दिए जाते हैं। योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों को मिलता है जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से कम हो, परिवार के पास 5 एकड़ से कम जमीन हो और कोई सदस्य आयकरदाता या शासकीय सेवा में न हो।
यह भी पढ़ें : Rewa News: फर्जी केस और धमकियों से टूटे सरकारी शिक्षक, कार्रवाई न होने पर दोबारा खाया जहर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
