MP News: भोपाल मेट्रो की लागत 10,033 करोड़ पहुंची, कैबिनेट ने दी मंजूरी, मंडी शुल्क बढ़ाकर सरकार कमाएगी 800 करोड़
MP News: मध्यप्रदेश सरकार ने भोपाल मेट्रो रेल परियोजना को पूरा करने के लिए इसकी संशोधित लागत को मंजूरी दे दी है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। अब परियोजना की कुल लागत बढ़कर 10,033 करोड़ रुपए हो गई है।
2016 में 6,241 करोड़ थी अनुमानित लागत
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि जब वर्ष 2016 में परियोजना तैयार की गई थी, तब इसकी अनुमानित लागत करीब 6,241 करोड़ रुपए थी। समय के साथ निर्माण लागत और अन्य खर्चों में वृद्धि के कारण परियोजना की लागत बढ़कर 10,033 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। सरकार का दावा है कि अगले दो वर्षों में मेट्रो परियोजना का स्वरूप और अधिक स्पष्ट दिखाई देगा।

सरकार को मिलेगा अतिरिक्त राजस्व
कैबिनेट ने किसानों को राहत देते हुए कपास पर लगने वाले मंडी शुल्क को घटाने का फैसला किया है। अब कपास पर केवल 0.50 प्रतिशत मंडी शुल्क लिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे कपास उत्पादक किसानों और व्यापारियों को आर्थिक राहत मिलेगी, कपास के अलावा अन्य कृषि उपज पर मंडी शुल्क को फिर से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे राज्य सरकार को करीब 800 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान है। सरकार के अनुसार बढ़ी हुई राशि का उपयोग सड़क विकास और गौ संवर्धन जैसे कार्यों में किया जाएगा।
प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान शुरू करेगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यशालाएं आयोजित कर किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों और उसके लाभों की जानकारी दी जाएगी।
ब्रिक्स कृषि सम्मेलन से उम्मीदें
मंत्री काश्यप ने कहा कि इंदौर में आयोजित ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है। इससे कृषि क्षेत्र में नवाचार और नई संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा, कैबिनेट बैठक के बाद सरकार ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना को लेकर लोगों में अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है। अधिक से अधिक परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में जनकल्याण और विकास कार्यों से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, बैठक के दौरान राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने प्रदेश के लगभग एक लाख संविदा कर्मचारी-अधिकारियों को 4.5 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि देने के फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं मुख्यमंत्री ने मंत्री उदय प्रताप सिंह और मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
यह भी पढ़ें : Sidhi News: मड़वास में सड़क और नालियों पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त, 21 लोगों को नोटिसनुमा चेतावनी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
