Satna News: एसटीएफ और सतना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोदाम से 28 लाख रुपए का नशीला सिरप और गांजा जब्त
Satna News: सतना पुलिस ने एसटीएफ भोपाल से मिली सूचना के आधार पर रविवार को टिकुरिया टोला स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीला सामान बरामद किया। संयुक्त कार्रवाई में करीब 28 लाख रुपए कीमत का नशीला कफ सिरप और गांजा जब्त किया गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कोई आरोपी मौके पर नहीं मिला।

गोदाम से मिला नशे का बड़ा जखीरा
कोलगवां थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने गोदाम की तलाशी के दौरान 60 पेटियों में भरा 7200 शीशी नशीला कफ सिरप और 2 क्विंटल 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार जब्त कफ सिरप की कीमत लगभग 15 लाख रुपए और गांजे की कीमत करीब 13 लाख रुपए आंकी गई है, जांच में सामने आया कि गोदाम अप्रैल 2026 में छह माह के लिए रीवा निवासी अजय पटेल और रोहित जायसवाल को किराए पर दिया गया था। पुलिस ने दोनों को मामले में नामजद करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। मोबाइल फोन से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका।

भोपाल से जुड़ा नशा तस्करी का नेटवर्क
मामले की कड़ियां भोपाल में पकड़े गए नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हुई हैं। बीते 29 मई को एसटीएफ ने गांधी नगर क्षेत्र में अवैध कफ सिरप रिपैकिंग और रिफिलिंग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और पूछताछ के दौरान सतना में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने की जानकारी सामने आई।
आरोपी की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी नवाब खान ने खुलासा किया था कि कुछ समय पहले नशीले कफ सिरप की खेप सतना के टिकुरिया टोला क्षेत्र में पहुंचाई गई थी। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ के अधिकारियों ने सतना पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त टीम बनाकर गोदाम पर दबिश दी, पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर किराना सामान और चिप्स के बंडलों की आड़ में नशीले पदार्थों की खेप प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचा रहे थे। गोदाम में भी नशे का सामान सामान्य व्यापारिक माल के पीछे छिपाकर रखा गया था ताकि किसी को शक न हो।
विंध्य क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क की जांच तेज
सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि एसटीएफ भोपाल के साथ समन्वय कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और आवश्यकता पड़ने पर गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, पुलिस का मानना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं। जांच एजेंसियां अब विंध्य क्षेत्र समेत प्रदेश के अन्य जिलों में सक्रिय नशा कारोबारियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
यह भी पढ़ें : Rewa News: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर रीवा में बवाल, यूथ कांग्रेस ने फूंका चुनाव आयोग का पुतला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |


