Rewa News: जवा में किसानों का आंदोलन समाप्त, प्रशासन के 15 दिन के आश्वासन पर टूटा अनशन
Rewa News: रीवा जिले के जवा क्षेत्र में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चल रहा किसानों का अनशन रविवार को चौथे दिन समाप्त हो गया। मध्य प्रदेश किसान सभा तहसील समिति जवा के बैनर तले किसान और ग्रामीण कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद अनशन समाप्त किया गया।

रीवा-डभौरा मार्ग पर लगा जाम
अनशन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अतरैला बाजार में करीब एक घंटे तक रीवा-डभौरा मार्ग को बाधित कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली कार्यालय पहुंचकर की नारेबाजी
प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर विद्युत वितरण केंद्र परिसर भी पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए अतरैला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर माहौल को शांत कराया, बाद में तहसीलदार राजेंद्र शुक्ल ने अनशनकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मांगों के निराकरण के लिए समय मांगा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने अनशन समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की।

जूस पिलाकर तुड़वाया अनशन
प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद तहसीलदार ने अनशन पर बैठे किसानों और महिलाओं को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौजूद रहे, अनशन में शामिल महिलाओं ने कहा कि प्रशासन ने उनकी मांगों के समाधान के लिए 15 दिनों का समय मांगा है। यदि तय अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे पुनः तहसील कार्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू करेंगी।
इन मांगों को लेकर था आंदोलन
किसानों ने क्षेत्र की कई मूलभूत समस्याओं को लेकर आंदोलन किया। प्रमुख मांगों में जर्जर सड़कों की मरम्मत, नियमित पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था में सुधार, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, राशन दुकानों से समय पर वितरण, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, भूमि संबंधी लंबित मामलों का निराकरण तथा किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना शामिल था।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
किसान सभा के पदाधिकारियों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए थे, लेकिन समाधान नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। अब प्रशासन ने सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, जिसके बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : Satna News: एसटीएफ और सतना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोदाम से 28 लाख रुपए का नशीला सिरप और गांजा जब्त
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |


