Rewa News: मानसून में रीवा के जलप्रपातों पर उमड़ रही भीड़, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
Rewa News: मानसून की दस्तक के साथ रीवा जिले के प्रसिद्ध जलप्रपात एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गए हैं. बहुती, चचाई, पूर्वा और इटमा वॉटरफॉल पर हर दिन बड़ी संख्या में लोग प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंच रहे हैं. लेकिन बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी सामने आने लगे हैं.
कई जलप्रपातों पर सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी
जानकारी के अनुसार पूर्वा जलप्रपात को छोड़कर जिले के अधिकांश प्रमुख वॉटरफॉल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं. कई स्थानों पर मजबूत रेलिंग नहीं लगी है. वहीं गहरी खाई, तेज बहाव और फिसलन भरी चट्टानों के बावजूद बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा कर्मियों की संख्या सीमित बताई जा रही है.

एक सप्ताह में दो लोगों की गई जान
इटमा वॉटरफॉल में बीते एक सप्ताह के भीतर दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की डूबने से मौत हो चुकी है. मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बरगढ़ निवासी 21 वर्षीय सोनू खान और प्रयागराज निवासी 23 वर्षीय सूर्यकांत कुमार के रूप में हुई है. दोनों मामलों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को बाहर निकाला गय, स्थानीय लोगों का कहना है कि कई पर्यटक बेहतर फोटो और सोशल मीडिया रील बनाने के लिए खतरनाक चट्टानों और किनारों तक पहुंच जाते हैं. जोखिम वाले इलाकों में पर्याप्त निगरानी नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है.
स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
स्थानीय निवासी संतोष पटेल का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में हजारों पर्यटक यहां पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं. उनका कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर मजबूत रेलिंग और बैरिकेडिंग लगाई जानी चाहिए.
वहीं विकास द्विवेदी का कहना है कि कई लोग खतरे वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं होता. उन्होंने प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग की है.
प्रशासन ने दिए सुरक्षा के निर्देश
रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि मानसून के दौरान जिले के सभी प्रमुख जलप्रपातों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है. संबंधित विभागों को आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने पर्यटकों से भी अपील की कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें.
सुरक्षित पर्यटन सबसे बड़ी जरूरत
बारिश के मौसम में रीवा के जलप्रपात प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो जाते हैं. ऐसे में प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है. विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और लोगों की जागरूकता से ऐसे हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है.
यह भी पढ़ें : MP News: A+ मॉनिटर के लंबित तबादलों पर CM मोहन यादव नाराज, रात 8 बजे तक आदेश जारी करने के निर्देश
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
