MP News: दतिया उपचुनाव में टिकट विवाद पर बोले कैलाश विजयवर्गीय, कहा- संगठन दूर करेगा नाराजगी, आशुतोष तिवारी ही लड़ेंगे चुनाव
MP News: दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद सामने आए विरोध पर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है. उनका कहना है कि संगठन सभी नाराज कार्यकर्ताओं से बातचीत करेगा और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी.

आशुतोष तिवारी की जीत का जताया भरोसा
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा का हर फैसला तय प्रक्रिया और व्यापक विचार-विमर्श के बाद लिया जाता है. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता संगठन के फैसले का सम्मान करेंगे और आशुतोष तिवारी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा में टिकट घोषित होने के बाद उसे बदलने की परंपरा नहीं रही है.
नरोत्तम मिश्रा को बताया समर्पित नेता
पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का जिक्र करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि वे भाजपा के वरिष्ठ और समर्पित नेता हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि नरोत्तम मिश्रा संगठन के निर्णय का सम्मान करेंगे. विजयवर्गीय ने बताया कि उन्होंने नरोत्तम मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी.
जीतू पटवारी के भाई के बयान पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई के पुराने ड्रग्स सेवन संबंधी बयान पर भी कैलाश विजयवर्गीय ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने घर की स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए. हालांकि उन्होंने इसे परिवार का निजी मामला भी बताया.
साइकिल यात्रा पर कांग्रेस को घेरा
जीतू पटवारी की प्रस्तावित साइकिल यात्रा पर तंज कसते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस की ओर से कई यात्राएं निकाली गईं, लेकिन उनका कोई बड़ा राजनीतिक असर देखने को नहीं मिला. उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा से भी प्रदेश की राजनीति में कोई विशेष बदलाव नहीं आएगा.
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन रिमझिम बारिश, 14 जुलाई से कुछ जिलों में फिर तेज बारिश के आसार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
