MP News: मध्य प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, कई शहरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब
MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन समेत कई जिलों में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई. भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा नगर भ्रमण पर निकले, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया. पूरे मार्ग पर भजन, ढोल-नगाड़े, पुष्पवर्षा और धार्मिक आयोजनों का माहौल देखने को मिला.
तीन अलग-अलग रथों पर विराजे भगवान
उज्जैन के इस्कॉन मंदिर की रथयात्रा इस बार खास रही. पहली बार भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ तीन अलग-अलग रथों पर विराजमान हुए, भगवान बलभद्र ‘तालध्वज’ रथ पर, देवी सुभद्रा ‘दर्पदलन’ रथ पर और भगवान जगन्नाथ 35 फीट ऊंचे ‘नंदीघोष’ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले. यात्रा इंदिरा नगर से शुरू होकर फ्रीगंज और टॉवर चौक होते हुए मंदिर पहुंची.
बंगाल के कारीगरों ने तैयार की विशेष पोशाक
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के लिए बंगाल के कारीगरों ने विशेष पोशाक तैयार की. जापान से मंगाए गए धागों और मोतियों से बनी इस दिव्य पोशाक की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है, उज्जैन के कार्तिक चौक स्थित जगदीश मंदिर से खाती समाज की पारंपरिक रथयात्रा भी निकाली गई. करीब 1200 गांवों से आए श्रद्धालुओं ने लगभग 100 साल पुराने लकड़ी के रथ को अपने हाथों से खींचकर परंपरा निभाई.
मंडला में गूंजे जय जगन्नाथ के जयकारे
मंडला में आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्री सिद्ध घाट रेवा दरबार से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई. यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का स्वागत किया गया, रतलाम में रथयात्रा के दौरान इंदौर से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण स्वरूप में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया. वहीं पहली बार मातृशक्ति ने पारंपरिक करतब दिखाकर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया. बड़ी संख्या में लोगों ने इस अनूठी प्रस्तुति का आनंद लिया.
ग्वालियर, मुरैना और उमरिया में भी निकली रथयात्रा
ग्वालियर के कुलैथ गांव में भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले. श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारी और पूजा-अर्चना की. यात्रा की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, मुरैना के अंबाह में दोपहर 3 बजे दुर्गा वाटिका से रथयात्रा शुरू होकर जैन बगीची तक पहुंची. वहीं उमरिया जिले के पाली में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भव्य रथयात्रा निकाली गई.
महेश्वर में ड्रोन से हुई सुरक्षा निगरानी
महेश्वर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. पूरे यात्रा मार्ग पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई. राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी और अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने भी यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचा, मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया. पूरे मार्ग पर जय जगन्नाथ के जयकारे गूंजते रहे, भजन-कीर्तन हुए और श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल ने पूरे प्रदेश को जगन्नाथमय बना दिया.
यह भी पढ़ें : MP News: प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाणपत्र पर विवाद खत्म, हाई लेवल समिति ने जांच के बाद बताया वैध
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










