Rewa News: NEET पेपर लीक के विरोध में रीवा में NSUI का उग्र प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेरने पहुंचे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
Rewa News: रीवा में NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में शुक्रवार को एनएसयूआई का प्रदर्शन तेज हो गया. सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले, लेकिन पुलिस ने पहले से की गई बैरिकेडिंग के जरिए उन्हें रोक दिया. इस दौरान मौके पर जमकर नारेबाजी, धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बन गई.

बीड़ा तिराहे से शुरू हुआ विरोध मार्च
एनएसयूआई कार्यकर्ता बीड़ा तिराहे से झंडे, बैनर और पोस्टर लेकर मार्च निकालते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े. रास्ते में पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया. विरोध जताने के लिए थाली और ताली बजाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए. कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा.
NEET पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि NEET पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उनका आरोप था कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय अपनी आवाज उठा रहे छात्रों पर कार्रवाई की जा रही है. प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई.
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि जब तक पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही की मांग की.
पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया था. प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक समझाने की कोशिश की गई, लेकिन बैरिकेड पार करने के प्रयास के बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










