CG News: प्रधानमंत्री मोदी से मिले मुख्यमंत्री साय, बस्तर विजन, यूरिया प्लांट और विकास परियोजनाओं पर मांगा सहयोग
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर के समग्र विकास का रोडमैप प्रधानमंत्री के सामने रखा और कई बड़ी परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया.
यूरिया परियोजना को जल्द मंजूरी की मांग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री से राजनांदगांव में प्रस्तावित 10,500 करोड़ रुपये की गैस आधारित यूरिया परियोजना को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया. उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है और राज्य सरकार की सभी जरूरी स्वीकृतियां भी पूरी हो चुकी हैं. इस परियोजना से किसानों को उर्वरक की बेहतर उपलब्धता मिलेगी और औद्योगिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी.

बस्तर विजन का रखा रोडमैप
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को ‘बस्तर विजन’ की जानकारी देते हुए कहा कि बस्तर अब तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है. ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुहिम’ के जरिए संभाग के 5,542 गांवों में सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे करीब 39 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि राशन, आयुष्मान भारत, जनधन, वनाधिकार और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है.
शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंद पड़े 421 स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है. इसके साथ ही दंतेवाड़ा की तर्ज पर ओरछा और जगरगुंडा में नई एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, ताकि दूरदराज़ के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके. उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत अब तक 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है.
स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और गीदम में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं. इसके साथ ही राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बस्तर विकास का नया मॉडल बनकर उभरेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: राष्ट्रपति भवन में बस्तर पंडुम-2026 के विजेताओं का भव्य सम्मान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने खुद परोसा भोजन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









