CG News: बिलासपुर में बनेगी 827 करोड़ की फोरलेन रिंग रोड, नितिन गडकरी से मिले सांसद तोखन साहू, परियोजना को मिली रफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहर बिलासपुर में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए फोरलेन रिंग रोड परियोजना पर तेजी आने की उम्मीद है. शहर में लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है. इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 827.20 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन रिंग रोड बनाने की योजना तैयार की गई है.
गडकरी से मिले सांसद तोखन साहू
केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परियोजना को जल्द मंजूरी देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिलासपुर के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे शहर के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी.

मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
तोखन साहू ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश देने का भरोसा दिया है. उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूरा होने से बिलासपुर के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी.
तीन राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ेगी सड़क
प्रस्तावित फोरलेन रिंग रोड, NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी. इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और औद्योगिक, व्यावसायिक तथा आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इसके साथ ही शहर के अंदर ट्रैफिक जाम की समस्या में भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
इन इलाकों को होगा सीधा फायदा
करीब 32 किलोमीटर लंबी यह रिंग रोड बोदरी, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के पास से शुरू होकर सेंदरी तक बनाई जाएगी. इस मार्ग से बिलासपुर एयरपोर्ट, कोरबा, कटघोरा, सीपत, सिरगिट्टी और लालखदान जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं आवागमन वाले क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी. परियोजना पूरी होने के बाद शहर में यात्रा पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: प्रधानमंत्री मोदी से मिले मुख्यमंत्री साय, बस्तर विजन, यूरिया प्लांट और विकास परियोजनाओं पर मांगा सहयोग
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









