MP News: भोपाल में RSS का शाखा संगम, 30 हजार स्वयंसेवकों के बीच दत्तात्रेय होसबाले करेंगे संबोधन
MP News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार, 20 सितंबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में शाखा संगम और स्वयंसेवक एकत्रीकरण आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों से करीब 30 हजार स्वयंसेवकों के शामिल होने की तैयारी है. संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद रहेंगे, जबकि एम्स भोपाल के डायरेक्टर और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल मुख्य अतिथि होंगे.

कार्यक्रम से पहले बैठकों में शामिल हुए होसबाले
कार्यक्रम से पहले दत्तात्रेय होसबाले ने भोपाल के E-8 अरेरा कॉलोनी स्थित समाज सेवा न्यास में संघ से जुड़े अलग-अलग समूहों के साथ बैठकें कीं. इनमें शहर में चलने वाले श्रेणी मिलन की टोलियां और संघ विकास मंडली से जुड़ी बैठकें शामिल रहीं. केंद्रीय संस्थानों के छात्रों और प्राध्यापकों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी रखा गया है.
शारीरिक प्रदर्शन और घोष वादन होगा
शाम करीब 4:30 बजे लाल परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें स्वयंसेवकों की ओर से शारीरिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन, संघ गीत और घोष वादन किया जाएगा. एकत्रीकरण के जरिए भोपाल विभाग में नियमित रूप से संचालित शाखाओं के बड़े स्वरूप को प्रस्तुत करने की योजना है. कार्यक्रम में संघ के सामाजिक कार्यों और शताब्दी वर्ष से जुड़े संदेशों को भी सामने रखा जाएगा.
पंच परिवर्तन के संदेश पर रहेगा फोकस
RSS के शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ विजयादशमी 2025 से हुआ था. वर्षभर के कार्यक्रमों में गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों के जरिए अलग-अलग वर्गों से संवाद किया गया है. इन आयोजनों में संघ की ओर से पंच परिवर्तन के तहत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर जोर दिया जा रहा है.
शाम को चुनिंदा लोगों के साथ बैठक और डिनर
शाम करीब 6:30 बजे भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में दत्तात्रेय होसबाले की चुनिंदा लोगों के साथ बैठक प्रस्तावित है. इसके बाद वहीं रात्रिभोज का कार्यक्रम रखा गया है. इसमें भोपाल के डीआरएम, एम्स भोपाल के डायरेक्टर और केंद्रीय संस्थानों से जुड़े प्रमुखों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. वहीं, कार्यक्रम को देखते हुए भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने कुछ प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन की व्यवस्था भी की है.
यह भी पढ़ें : MP News: मैहर में मां शारदा मंदिर का रोपवे 11 दिन बंद, 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक मेंटेनेंस
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |





