Rewa News: मनगवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार में छिपाकर ले जा रहे थे नशीली कफ सिरप की खेप
Rewa News: मनगवां पुलिस ने नशीली कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी खेप पकड़ी है. 8 अगस्त की रात गश्त के दौरान इटार-गुढ़ रोड पर सुबह करीब 3.40 बजे पुलिस टीम को एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में जाती दिखाई दी. पुलिस को देखकर चालक ने कार को सीतापुर रोड की तरफ मोड़ दिया, जिसके बाद टीम ने संदेह के आधार पर उसका पीछा शुरू किया.
घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने पीछा करते हुए मनिकवार निवासी सतेंद्र सिंह के घर के पास कार को घेराबंदी कर रोक लिया. पूछताछ में चालक की पहचान रावेन्द्र सिंह पटेल उर्फ पप्पू, उम्र 40 वर्ष, निवासी बाणसागर कॉलोनी रीवा के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें सीट के नीचे, सीट पर और डिग्गी में बड़ी मात्रा में आनरेक्स कफ सिरप मिली.
1410 शीशी कफ सिरप बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 1410 शीशी आनरेक्स कफ सिरप जब्त की. बरामद सिरप की कीमत करीब 2 लाख 83 हजार 410 रुपये बताई गई है. इसके अलावा पुलिस ने करीब 11 लाख रुपये कीमत की कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है. पुलिस के मुताबिक पूरी कार्रवाई में करीब 13 लाख 93 हजार 410 रुपये की सामग्री जब्त हुई है.
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा के अनुसार आरोपी से कफ सिरप की अवैध सप्लाई और उससे जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नशीली कफ सिरप की इतनी बड़ी खेप कहां से आई और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था. जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 22 तथा ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. मनगवां पुलिस का कहना है कि नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : MP News: मैहर के स्कूल में छात्रों को दिखाई गई आपत्तिजनक फिल्म, अतिथि शिक्षक बर्खास्त
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
