MP News: कांग्रेस PAC की बैठक आज, नकुलनाथ के विमान में खराबी से बदला कार्यक्रम

MP News: कांग्रेस PAC की बैठक आज, नकुलनाथ के विमान में खराबी से बदला कार्यक्रम

MP News: कांग्रेस PAC की बैठक आज, नकुलनाथ के विमान में खराबी से बदला कार्यक्रम

MP News: दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद आज भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मध्यप्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति यानी PAC की बैठक आयोजित की जा रही है. बैठक दोपहर 12 बजे पीसीसी कार्यालय की तीसरी मंजिल पर होगी. इसमें प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत समिति के 25 सदस्यों को बुलाया गया है.

दिग्विजय और कमलनाथ नहीं होंगे शामिल

जानकारी के मुताबिक दिग्विजय सिंह विदेश में होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की तबीयत खराब होने के चलते उनके भी बैठक में मौजूद रहने की संभावना नहीं है. वहीं, जीतू पटवारी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद PAC सदस्य नकुलनाथ पहली बार बैठक में शामिल होने वाले थे, लेकिन उनके कार्यक्रम में भी बदलाव हो गया.

नकुलनाथ के विमान में आई तकनीकी खराबी

नकुलनाथ को छिंदवाड़ा से भोपाल आना था, लेकिन उनके विमान के एक इंजन में खराबी आ गई. इसके कारण विमान उड़ान नहीं भर सका और नकुलनाथ बैठक में शामिल नहीं हो पाए. उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी इसी विमान से भोपाल आने वाले थे. विमान में तकनीकी खराबी के बाद हरीश चौधरी कार से छिंदवाड़ा से भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं, उनके वर्चुअली बैठक में शामिल होने की संभावना है.

निकाय चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया कि PAC की बैठक में पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और आगामी नगर पालिका, नगर पंचायत, जनपद और जिला पंचायत चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी. संगठन के पुनर्गठन और पार्टी को मजबूत करने से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा. निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कार्रवाई के सवाल पर सिंघार ने कहा कि जो निष्क्रिय रहेगा, वह पार्टी का सदस्य तो रहेगा, लेकिन पद पर काम नहीं करेगा. नकुलनाथ के आने को लेकर उन्होंने कहा, “आएं तो स्वागत है, पार्टी के कार्यकर्ता हैं वो.”

कांतिलाल भूरिया बोले- बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया ने कहा कि बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी निचले स्तर से लेकर ऊपर तक संगठन की रिपोर्ट रखेगी और आगे की रणनीति तय होगी. दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे संकेत मिलता है कि बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और आने वाला समय कांग्रेस का होगा. भूरिया ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना को लेकर सरकार पर महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया, वहीं जीतू पटवारी के परिवार पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया.

यह भी पढ़ें : Rewa News: सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर विवाद, सफाई देते हुए बोले- अपमान का इरादा नहीं था

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें