MP News: भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, 1757 करोड़ से बदलेगी सड़क की तस्वीर
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में भोपाल-विदिशा मार्ग को फोरलेन करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. हाइब्रिड एन्युटी मॉडल पर बनने वाली इस परियोजना पर 1757 करोड़ 55 लाख रुपए खर्च होंगे. मौजूदा 44.83 किलोमीटर लंबे दो-लेन मार्ग को पेव्ड शोल्डर के साथ चार-लेन में विकसित किया जाएगा. यह सड़क भोपाल-कानपुर हाईस्पीड कॉरिडोर के लिए महत्वपूर्ण फीडर कॉरिडोर के रूप में काम करेगी.

तीन बायपास भी बनाए जाएंगे
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि यह मार्ग भोपाल के अयोध्या बायपास स्थित भानपुर टी-जंक्शन से शुरू होकर सूखी सेवनिया, दीवानगंज और सलामतपुर होते हुए NH-146 के सांची-सलामतपुर जंक्शन तक जाएगा. यातायात का दबाव बढ़ने और भोपाल महानगरीय क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए इसे फोरलेन करना जरूरी माना गया है. परियोजना में 8.25 किलोमीटर लंबे तीन बायपास भी बनाए जाएंगे, जिससे आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा.
सांची और उदयगिरि की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
भोपाल-विदिशा मार्ग पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है. इसके आसपास सांची स्तूप, संग्रहालय, अशोक स्तंभ और उदयगिरि की गुफाएं जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थल मौजूद हैं. फोरलेन बनने से भोपाल, विदिशा और सांची के बीच आवागमन आसान होगा, जिससे पर्यटन, होटल, परिवहन, गाइड सेवा, हस्तशिल्प और स्थानीय कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है. यह मार्ग करीब 24.550 किलोमीटर पर कर्क रेखा से भी गुजरता है.
कैबिनेट के कई और बड़े फैसले
कैबिनेट बैठक में सीहोर के भाऊखेड़ी, इछावर में 20 हेक्टेयर जमीन पर सोयाबीन रिसर्च यूनिट स्थापित करने का फैसला लिया गया. रानी दुर्गावती वीरता पुरस्कार की राशि 1 लाख से बढ़ाकर 2 लाख रुपए करने को मंजूरी दी गई. देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे की न्यायिक जांच आयोग के गठन का भी अनुसमर्थन किया गया. इसके अलावा वनोपज से जुड़े स्थानीय लोगों को समितियों के माध्यम से लाभांश देने, होम स्टे से जुड़े लोगों को कौशल प्रशिक्षण देने और किसानों को सिंचाई के लिए 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
पुलिस में 27,534 पदोन्नति
कैबिनेट में बताया गया कि पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में 27,534 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है. वहीं प्रदेश में तीन औद्योगिक सुरक्षा बल गठित करने का फैसला लिया गया है, जिसकी शुरुआत खंडवा से होगी. इसके अलावा भोपाल बायपास से पिछले दो वर्षों में 145.87 करोड़ रुपए टोल राजस्व मिलने की जानकारी दी गई, जबकि सांची ब्रांड का उत्पादन 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य रखा गया है.
यह भी पढ़ें : MP News: पुलिस में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी, युवाओं के लिए बड़ी खबर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
