CG News: बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में अपग्रेड करने की तैयारी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मांगे 300 करोड़
CG News: छत्तीसगढ़ की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़ा प्रस्ताव सामने आया है. रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन के लिए 300 करोड़ रुपए के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग रखी.
एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में करने का प्रस्ताव
सांसद ने केंद्रीय मंत्री के सामने बिलासपुर एयरपोर्ट के तकनीकी और अधोसंरचनात्मक विकास का विस्तृत खाका रखा. प्रस्ताव में एयरपोर्ट को मौजूदा श्रेणी से बढ़ाकर 4C श्रेणी में अपग्रेड करने की बात कही गई है. इसके साथ ही वर्तमान 1500 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 2885 मीटर करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे एयरपोर्ट की क्षमता में बड़ा विस्तार होगा.

बड़े विमानों का हो सकेगा संचालन
रनवे के विस्तार के बाद बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा विकसित करने और बड़े कमर्शियल जेट विमानों के संचालन का रास्ता आसान होगा. प्रस्तावित राशि से आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और नया यात्री टर्मिनल भवन बनाने की योजना भी रखी गई है. इससे यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.
14 जिलों को मिलेगा फायदा
बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट सिर्फ एक शहर के लिए नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के 14 प्रमुख जिलों और मध्य प्रदेश के तीन सीमावर्ती जिलों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण हवाई केंद्र है. इसके विस्तार से बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ समेत औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिल सकती है.
केंद्रीय मंत्री ने दिया आश्वासन
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बिलासपुर एयरपोर्ट के उन्नयन और रायपुर एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीयकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया. मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दोनों प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य समारोह, CM साय ने गिनाईं विकास की बड़ी योजनाएं
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
