CG News: छत्तीसगढ़ में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर पढ़ाई से जोड़ने की तैयारी, डिजिटल ऐप से होगा घर-घर सर्वे
CG News: छत्तीसगढ़ में स्कूल से बाहर हो चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए डिजिटल तकनीक का सहारा लिया जा रहा है. समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना कार्यालय ने ‘लइका चिन्हारी’ मोबाइल ऐप तैयार कराया है. इसके जरिए शाला अप्रवेशी, शाला त्यागी और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे किया जाएगा. सर्वे के दौरान बच्चों की जानकारी डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज की जाएगी.
सर्वे के बाद दाखिले पर रहेगी नजर
विभाग का लक्ष्य सिर्फ स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान करना नहीं है, बल्कि उन्हें दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाकर पढ़ाई से जोड़े रखना भी है. सर्वे में चिन्हित बच्चों के स्कूल प्रवेश के बाद उनकी उपस्थिति और शिक्षा जारी रहने की भी निगरानी की जाएगी. प्रदेश में माध्यमिक स्तर पर करीब 13.8 प्रतिशत ड्रॉपआउट दर को देखते हुए इस अभियान पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

स्थानीय लोगों को सर्वे की जिम्मेदारी
बच्चों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर साक्षरता प्रेरकों और अतिथि शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी. जरूरत पड़ने पर योग्य स्थानीय लोगों के साथ नियमित सरकारी कर्मचारियों की मदद भी ली जा सकेगी. सर्वेकर्ताओं को अपने एंड्राइड मोबाइल में ‘लइका चिन्हारी’ ऐप डाउनलोड कर नाम, मोबाइल नंबर, बसाहट और स्कूल सहित आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी.
ऑनलाइन सत्यापन के बाद मिलेगा प्रोत्साहन
ऐप पर रजिस्ट्रेशन के बाद संबंधित संकुल समन्वयक अपनी संकुल ID से सर्वेकर्ता की पात्रता और चयन का ऑनलाइन सत्यापन करेंगे. प्रत्येक चिन्हित बच्चे की जानकारी दर्ज करने और सत्यापन पूरा होने पर सर्वेकर्ता को 20 रुपये प्रति छात्र की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. वहीं बच्चे का स्कूल में प्रवेश कराने और कम से कम तीन महीने तक उसे स्कूल में बनाए रखने के बाद प्राचार्य के सत्यापन पर 500 रुपये दिए जाएंगे.
ओपन स्कूल परीक्षा पर भी 500 रुपये
माध्यमिक स्तर के चिन्हित बच्चों को छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल के माध्यम से परीक्षा दिलाने पर भी सर्वेकर्ता के लिए 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है. सभी भुगतान जिलों के माध्यम से डीबीटी के जरिए किए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ना और उन्हें लंबे समय तक पढ़ाई में बनाए रखना है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला अस्पताल का होगा कायाकल्प, 300 बेड के नए भवन को मिली मंजूरी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
