CG News: छत्तीसगढ़ BJP में संगठन की सख्ती, मंत्रियों और सांसदों से कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा
CG News: रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार दो दिनों तक पार्टी के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की मैराथन बैठक हुई. बैठक में संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री और सांसद भी शामिल हुए. इस दौरान अलग-अलग जिलों के संगठनात्मक कामकाज, आगामी कार्ययोजनाओं और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
जिलों के फीडबैक पर हुआ मंथन
बैठक में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी चर्चा हुई. क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने जिलों की बारीकी से समीक्षा की. जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, संभाग प्रभारी और विधायकों से संगठन की गतिविधियों, स्थानीय समस्याओं और जनप्रतिनिधियों के कामकाज को लेकर फीडबैक लिया गया. बुधवार को 17 जिलों के कार्यों की समीक्षा की गई.
![]()
कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
सूत्रों के अनुसार, कई जिलों के पदाधिकारियों ने प्रभारी मंत्रियों के सामने कार्यकर्ताओं की समस्याएं नहीं सुने जाने की शिकायत रखी. आरोप लगाया गया कि कई मामलों में अधिकारी संगठन के पदाधिकारियों की बात को गंभीरता से नहीं लेते. प्रभारी मंत्रियों के जिलों में कम दौरे, बिजली बिल को लेकर जनता की नाराजगी और विधायकों के पत्रों पर कार्रवाई नहीं होने जैसे मुद्दे भी बैठक में उठाए गए.
मंत्रियों को दिया गया स्पष्ट संदेश
शिकायतों के बाद संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रियों और सांसदों को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की सलाह दी. क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने प्रभारी मंत्रियों से अपने प्रभार वाले जिलों का नियमित दौरा करने और स्थानीय स्तर की समस्याओं को समझने पर जोर दिया. संगठन ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर तेजी से काम करने की जरूरत भी बताई.
तैयार हो रहा मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा संगठन एक बार फिर मंत्रियों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की प्रक्रिया में है. इससे पहले भी करीब दो महीने पहले मुख्यमंत्री निवास में इसी तरह की बैठक हुई थी. अब जिला स्तर से मिले फीडबैक के आधार पर मंत्रियों की सक्रियता, संगठन के साथ तालमेल और जनता से जुड़े मुद्दों पर उनके कामकाज की समीक्षा की जा रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में 1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती, 16,762 युवाओं की परीक्षा 13 दिसंबर को
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
