Rewa News: रीवा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 16 किलो गांजा और पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार
Rewa News: रीवा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे Operation Prahar 2.0 के तहत समान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गड़रिया नहर के पास घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा, जो कथित तौर पर गांजा बेचने पहुंचा था. तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में गांजा और अवैध हथियार बरामद किए गए.

16 पैकेट में मिला गांजा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के थैले की तलाशी लेने पर 16 पैकेट में कुल 16.632 किलो गांजा मिला. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 32 हजार 640 रुपये बताई गई है. इसके अलावा आरोपी के पास से देशी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए. तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं.
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
थाना प्रभारी आशीष मिश्रा के अनुसार, 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गड़रिया नहर के पास गांजा बेचने आने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. कुछ देर बाद रिंग रोड की ओर से एक व्यक्ति थैला लेकर आता दिखाई दिया. पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
आरोपी पर पहले से कई मामले
गिरफ्तार युवक की पहचान 28 वर्षीय अम्बर शुक्ला के रूप में हुई है, जो चिरहुला कॉलोनी, थाना बिछिया का निवासी बताया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ रीवा शहर के अलग-अलग थानों में हत्या और चोरी समेत करीब छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 28 हजार 840 रुपये बताई गई है.
NDPS और आर्म्स एक्ट में केस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8, 20(बी) NDPS Act और 25/27 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया है. अब पुलिस उससे गांजे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अवैध हथियार के स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : MP News: भोपाल में शिक्षक भर्ती को लेकर धरना जारी, दिग्विजय सिंह ने दिया आंदोलन का समर्थन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
