MP News: सतना में कॉलेज छात्रा से मारपीट, 10 महीने से संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप
MP News: सतना में कॉलेज छात्रा के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी श्रवण सेन करीब 10 महीने से छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था. छात्रा के लगातार इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड को उसे सबक सिखाने के लिए उकसाया. इसके बाद गर्लफ्रेंड छात्रा को घूमने के बहाने सुनसान जगह पर लेकर पहुंची.
तीन सहेलियों के साथ मिलकर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, सुनसान इलाके में आरोपी गर्लफ्रेंड ने तीन अन्य सहेलियों के साथ मिलकर छात्रा के साथ मारपीट की और गाली-गलौज की. इसी दौरान आरोपी युवक को वीडियो कॉल किया गया. पुलिस का कहना है कि वीडियो कॉल पर छात्रा से आरोपी युवक के सामने माफी भी मंगवाई गई. घटना 6 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो 11 सितंबर को सामने आया.
वीडियो सामने आने के बाद दर्ज हुआ केस
वीडियो सामने आने के बाद कोलगवां पुलिस ने 12 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की. शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रवण सेन, उम्र 19 साल, को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. वहीं, उसकी गर्लफ्रेंड समेत चार महिला आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें फिलहाल छोड़ दिया गया है.
महिला आरोपियों पर भी बढ़ाई गई धाराएं
पुलिस ने FIR में श्रवण सेन के खिलाफ महिला की लज्जा भंग करने, यौन संबंध बनाने की अनुचित मांग करने, अश्लील टिप्पणी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराएं लगाई हैं. वहीं चारों महिला आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामले में भी धाराएं बढ़ाई गई हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. पुलिस के मुताबिक, श्रवण एकेएस यूनिवर्सिटी में पढ़ता है, जबकि चारों छात्राओं में दो इंजीनियरिंग कॉलेज में पीड़िता की सहपाठी हैं और दो सरकारी डिग्री कॉलेज की छात्राएं हैं.
इंस्टाग्राम ग्रुप के जरिए हुई थी पहचान
पुलिस जांच में सामने आया है कि शहर के कॉलेज छात्र-छात्राओं का एक इंस्टाग्राम ग्रुप जीसी ग्रुप के नाम से बना था. चार महिला आरोपियों में से एक इसकी एडमिन थी. इसी ग्रुप के जरिए पीड़िता की पहचान श्रवण से हुई थी. बाद में श्रवण ने छात्रा को पर्सनल मैसेज भेजना शुरू किया, लेकिन छात्रा ने बातचीत बंद कर दी. पीड़िता सतना में रिश्तेदार के यहां रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है. पढ़ाई छूटने के डर से उसने घटना के बारे में परिजनों को जानकारी नहीं दी थी. बाद में मारपीट का वीडियो रिश्तेदार तक पहुंचने पर मामला सामने आया. सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा का प्रश्नकाल होगा लाइव, नवंबर से शुरू होगी नई व्यवस्था
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |





