MP News: कैबिनेट बैठक में 2800 MW बिजली खरीद, 140 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार, 22 सितंबर को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक हुई. बैठक के बाद मंत्री चेतन काश्यप ने सरकार के फैसलों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में मध्य प्रदेश में 3 करोड़ से ज्यादा दीपक जलाए गए और इसे देश में सर्वाधिक दीपक जलाने का रिकॉर्ड बताया गया.

2037 तक बिजली की जरूरत को लेकर फैसला
कैबिनेट ने प्रदेश में भविष्य की बिजली जरूरतों को देखते हुए 2800 मेगावाट थर्मल पावर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. सरकार के आकलन के मुताबिक वर्ष 2037 तक मध्य प्रदेश में करीब 1900 मेगावाट बिजली की कमी हो सकती है. इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बिजली खरीदने का निर्णय लिया गया है.
हर विधानसभा में बनेगा मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
प्रदेश की हर विधानसभा में मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना को भी मंजूरी दी गई है. अगले पांच साल में इसके लिए करीब 960 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. करीब 140 विधानसभा क्षेत्रों में बनने वाले इन कॉम्प्लेक्स में इनडोर और आउटडोर खेलों की सुविधा होगी. प्रत्येक केंद्र पर करीब 10 से 12 खेलों की व्यवस्था प्रस्तावित है. साथ ही हेलीपैड बनाया जाएगा और इसे एयर एंबुलेंस सेवा से जोड़ा जाएगा.
सिंचाई और मेडिकल शिक्षा से जुड़े प्रस्ताव मंजूर
इंदौर दंत चिकित्सा महाविद्यालय में बीडीएस की सीटें 63 से बढ़ाकर 100 करने का फैसला लिया गया है. इसके अलावा करीब 9061 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं को निरंतरता की मंजूरी दी गई. राजगढ़ की पार्वती नदी से जुड़ी सिंचाई परियोजना के लिए 262 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है. परियोजना पूरी होने के बाद करीब 40 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ने की बात कही गई है. नीमच-जावद सिंचाई परियोजना के लिए 4197 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं.
सिंगरौली-रतलाम एयरपोर्ट और 350 बसों की शुरुआत
सिंगरौली और रतलाम की हवाई पट्टियों को एयरपोर्ट के तौर पर विकसित करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा. दोनों को उड़ान योजना से जोड़ने की भी तैयारी है. वहीं, सुगम परिवहन योजना के तहत 25 सितंबर को 350 से ज्यादा बसें रवाना होंगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से बसों को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कार्यक्रम में शामिल होंगे. योजना के तहत मार्च तक 1000 और वर्ष 2030-31 तक करीब 15 हजार बसें चलाने का लक्ष्य बताया गया है.
यह भी पढ़ें : MP News: दतिया विधायक घनश्याम सिंह की सदस्यता पर याचिका, नामांकन में जानकारी नहीं देने का आरोप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










