Rewa News: रीवा और मऊगंज में 5 महीने से रुका प्रधानमंत्री पोषण आहार का भुगतान, स्व-सहायता समूहों पर बढ़ा कर्ज का बोझ
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा और मऊगंज जिले में सरकारी स्कूलों में संचालित होने वाले ‘प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना’ (मध्याह्न भोजन योजना) को लेकर एक गंभीर वित्तीय संकट खड़ा हो गया है, स्थिति यह है कि पांचवां महीना बीत जाने के बाद भी स्व-सहायता समूहों और रसोइयों को कुकिंग कॉस्ट व मानदेय की राशि जारी नहीं की जा सकी है, विभागीय स्तर से भुगतान न होने के कारण समूह संचालकों के सामने भारी आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है, और इसका सीधा असर स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की मध्याह्न भोजन व्यवस्था पर पड़ रहा है, खाद्यान्न का आवंटन तो उच्च स्तर से कराया जा रहा है, लेकिन तय समय पर राशि न मिलने के कारण मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन तैयार करना बेहद मुश्किल होता जा रहा है.

किराना दुकानों से बढ़ता उधारी का कर्ज
विभागीय अव्यवस्थाओं से जूझ रहे समूह संचालकों का कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के हिसाब से मिलने वाली 8 से 10 रुपए की मामूली राशि वैसे ही बेहद कम है, उस पर पिछले पांच महीने से भुगतान न होने के कारण किराना और सब्जी दुकानों से लिया जाने वाला उधार लगातार बढ़ता जा रहा है, हालात यह हो चुके हैं कि अब स्थानीय दुकानदार और व्यापारी सामान देने से सीधे इनकार करने लगे हैं, वर्तमान स्थिति यह है कि प्राथमिक स्कूल स्तर के समूहों पर लगभग 40 से 50 हजार रुपए और माध्यमिक स्तर के समूहों पर 60 से 70 हजार रुपए तक का कर्ज का बोझ हो चुका है, जिससे यह चिंता सता रही है कि आखिर यह कर्ज कैसे चुकाया जाएगा.

प्रशासनिक उदासीनता
इस पूरे मामले को लेकर जमीनी स्तर पर भारी असंतोष और लाचारी का माहौल देखा जा रहा है, समूह संचालकों का कहना है कि सरकारी स्कूलों की इस महत्वपूर्ण योजना की सुध लेने वाला न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी आगे आ रहा है और न ही कोई जनप्रतिनिधि इसकी खोज खबर ले रहा है, हालांकि प्रशासनिक कार्रवाई के डर से कई समूह संचालक खुलकर बोलने से कतरा रहे हैं, लेकिन उनकी यह आर्थिक पीड़ा अब असहनीय होती जा रही है, यह समस्या सिर्फ एक-दो स्कूलों की नहीं बल्कि पूरे प्रदेश स्तर पर चिंता का विषय बनती जा रही है, जिस पर शासन स्तर पर त्वरित वित्तीय निर्णय लिए जाने की सख्त आवश्यकता है ताकि बच्चों का भविष्य और समूहों की आजीविका सुरक्षित रह सके.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में सर्दी की आहट के साथ सुबह-सुबह छाई धुंध, दिन और रात के तापमान में आ रहा उतार-चढ़ाव
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










