CG News: राजनांदगांव और डोंगरगांव में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और डोंगरगांव क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों, पुलों, निर्माणाधीन शासकीय महाविद्यालय भवन और पुराने विश्राम गृह का जायजा लिया. सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से निर्माण स्थलों पर पहुंचकर काम की निगरानी करें. उन्होंने सड़क की चौड़ाई, ग्रेन्युलर सब-बेस यानी GSB की मोटाई, लेवल और रोड मार्किंग की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.

निर्माण में तकनीकी मानकों के पालन पर जोर
ग्राम पैरी नाला में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए सचिव ने नींव, पिलर, कैप और अन्य संरचनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार निर्माण सुनिश्चित करने को कहा. वहीं, ग्राम सुखरी से दीवानभेड़ी तक बन रही सड़क के निरीक्षण के दौरान खुदाई, बेस निर्माण और अन्य कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए. उन्होंने निर्माण कार्यों की वीडियोग्राफी कराने, जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने और ठेकेदारों से निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम पूरा कराने पर जोर दिया. तकनीकी खामियां सामने आने पर उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए.
पुराने विश्राम गृह और परिसर की स्थिति सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जर्जर और अनुपयोगी संरचनाओं को हटाने के साथ परिसर का समतलीकरण और साफ-सफाई कराने को कहा. उन्होंने आवश्यक सुधार कार्यों को 15 से 20 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए और इसके लिए उपलब्ध विभागीय मदों से राशि की व्यवस्था करने को कहा. सड़क की स्थिति बेहतर बनाने के साथ रोड मार्किंग और सेंटर लाइन तैयार करने पर भी जोर दिया गया. इसके अलावा, डिवाइडर की सफाई और रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क और आसपास के क्षेत्र की स्थिति में सुधार हो सके. अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई.
अर्जुनी में नए शासकीय महाविद्यालय भवन का निरीक्षण
डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में सचिव ने निर्माणाधीन नए शासकीय महाविद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि कॉलेज के लिए उपलब्ध लगभग 10 एकड़ शासकीय भूमि का विधिवत सीमांकन कराया जाना चाहिए. भूमि की सुरक्षा के लिए चारों ओर सीमा-चिन्ह के रूप में पिलर स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में अतिक्रमण की आशंका को रोका जा सके. दो मंजिला निर्माणाधीन भवन में फ्लोरिंग, प्लास्टर और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप काम पूरा कराने को कहा. भवन निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही से बचने और परिसर को उपयोग के लिए सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया गया.
जल निकासी की व्यवस्था पर जोर
महाविद्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान सचिव ने मुख्य प्रवेश द्वार और सड़क के स्तर में अंतर को ध्यान में रखते हुए आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए उपयुक्त रैंप निर्माण की संभावनाएं तलाशने को कहा, ताकि सभी विद्यार्थी आसानी से भवन तक पहुंच सकें. इसके साथ ही वर्षा जल की निकासी के लिए डाउन-पाइप की उचित व्यवस्था करने और पाइपों को सुरक्षित रखने के उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए. निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी खामियों को समय रहते दूर करना और सरकारी भवनों एवं सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाना रहा. सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में OLA इलेक्ट्रिक को परिवहन विभाग का नोटिस, 3,000 वाहनों का पंजीयन लंबित और सब्सिडी आवेदन भी अधूरे
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: राजनांदगांव और डोंगरगांव में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश”