CG News: 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, स्वागत में 5 हजार कार्यकर्ताओं का लक्ष्य और बाइक रैली की तैयारी
CG News: छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर की सुबह दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी. उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी आएंगे. दोनों नेताओं के स्वागत को लेकर भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. पार्टी ने रायपुर शहर और ग्रामीण इकाइयों को स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी है. योजना के मुताबिक, माना विमानतल पर पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है. इस दौरान प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे.
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक निकलेगी बाइक रैली
प्रदेश प्रभारी के स्वागत के लिए भाजपा के करीब एक हजार कार्यकर्ता बाइक रैली निकालेंगे. यह रैली माना विमानतल से शुरू होकर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक जाएगी और स्मृति ईरानी के काफिले के आगे चलेगी. मार्ग में भी अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की तैयारी की गई है. संगठन ने रायपुर के 20 मंडलों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है. इसके अलावा रायपुर और बीरगांव नगर निगम के पार्षद अपने समर्थकों के साथ विमानतल पहुंचेंगे. जिले की आठ विधानसभा क्षेत्रों से भी भाजपा कार्यकर्ताओं और विधायकों के समर्थकों के शामिल होने की योजना है.

स्वागत में होर्डिंग्स लगाने पर रहेगी रोक
स्मृति ईरानी ने अपने दौरे से पहले निर्देश दिया है कि स्वागत के लिए कहीं भी होर्डिंग्स नहीं लगाए जाएं. संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी बैठक में स्पष्ट किया कि शहर में स्वागत के नाम पर होर्डिंग्स नहीं लगाई जाएंगी. हालांकि, विमानतल से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक और शहर के अन्य निर्धारित स्थानों पर भाजपा के झंडे लगाए जाएंगे. पार्टी संगठन का जोर निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए कार्यकर्ताओं की भागीदारी और व्यवस्थित स्वागत पर रहेगा.
आठ महीने बाद भाजपा को मिला नया प्रदेश प्रभारी
छत्तीसगढ़ भाजपा को करीब आठ महीने बाद नया प्रदेश प्रभारी मिला है. स्मृति ईरानी की नियुक्ति से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब नए नेतृत्व के दो दिवसीय दौरे को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी प्रस्तावित है. रायपुर प्रवास के दौरान प्रदेश प्रभारी के स्वागत और संगठनात्मक गतिविधियों पर भाजपा की नजर रहेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बस्तर दौरे पर, मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा और मुरिया दरबार में लेंगी हिस्सा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, स्वागत में 5 हजार कार्यकर्ताओं का लक्ष्य और बाइक रैली की तैयारी”