Rewa News: रीवा में टाटा न्यूक्लियर प्लांट का विरोध तेज, रात 1 बजे तालाब से निकाले गए प्रदर्शनकारी
Rewa News: रीवा जिले के रोझौही में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चल रहा जल सत्याग्रह लगातार तेज होता जा रहा है, मंगलवार रात करीब 1 बजे प्रशासनिक टीम तालाब पर पहुंची और आप नेता प्रमोद शर्मा समेत आदिवासी प्रदर्शनकारियों को तालाब से बाहर निकलवाया, इसके बाद प्रमोद शर्मा सहित चार लोगों को एंबुलेंस से इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, मौके पर लालगांव पुलिस भी मौजूद रही.

10 दिनों तक काम नहीं होने का मौखिक आश्वासन
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मौखिक आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिनों तक रोझौही में परियोजना से जुड़ी कोई गतिविधि नहीं होगी, हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है, अस्पताल भेजे गए लोगों में प्रमोद शर्मा के अलावा संदीप कोल, रावेन्द्र कोल और बबली कोल शामिल हैं, इससे पहले मदरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीएचओ रविकांत साकेत ने प्रमोद शर्मा की मेडिकल जांच की थी, जांच में उनका ब्लड प्रेशर और शुगर बढ़ा हुआ मिला था, लगातार अनशन जारी रहने पर उनकी तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई गई थी.
विमला कोल की मौत के बाद बढ़ा आक्रोश
रोझौही में प्रस्तावित परमाणु बिजली संयंत्र के विरोध में ग्रामीण लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, जल सत्याग्रह के दौरान विमला कोल की तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मौत हो गई, इस घटना के बाद आंदोलनकारियों में आक्रोश बढ़ गया, ग्रामीणों ने प्रशासन पर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है, साथ ही कलेक्टर के बयान पर सवाल उठाते हुए घटना के तथ्यों को स्पष्ट करने और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है.
उमंग सिंघार ने पीड़ित परिवार को दी सहायता
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार को रोझौही पहुंचे थे, उन्होंने जल सत्याग्रह कर रहे आदिवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विमला कोल के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी, ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि आंदोलन के दौरान महिला की मौत के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है, उन्होंने अधिकारियों पर धमकाने के आरोप भी लगाए, सिंघार ने विमला को श्रद्धांजलि देते हुए परमाणु बिजली संयंत्र की जरूरत पर सवाल उठाए और उनकी मौत की जांच की मांग की.
पर्यावरण पर असर की आशंका
आंदोलन कर रहे आदिवासी ग्रामीणों का कहना है कि जल, जंगल और जमीन उनकी आजीविका का प्रमुख आधार हैं, उन्हें आशंका है कि परियोजना से खेती, जलस्रोत और पर्यावरण प्रभावित हो सकते हैं, ग्रामीणों ने भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों, खासकर कैंसर की आशंका को लेकर भी चिंता जताई है, प्रदर्शन के दौरान कुछ आंदोलनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से आत्महत्या जैसा प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी कर परियोजना आगे बढ़ाई गई तो वे उग्र कदम उठाने को मजबूर होंगे.
बोरिंग मशीन का भी हुआ था विरोध
इससे पहले रोझौही में बोरिंग के लिए मशीन पहुंचने पर ग्रामीणों ने विरोध किया था, विरोध के चलते मशीन और अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा, रोझौही और सरई कला के साथ महूहा टोला, मदरी, भठवा, पताई पनगड़ी, अतरैला, बांस तथा लालगांव के वार्ड 2 और 3 के ग्रामीण भी परियोजना का विरोध कर चुके हैं, सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने भी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर परियोजना के खिलाफ जनसंपर्क किया था और राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इसे रद्द करने की मांग की थी, ज्ञापन में जल संकट, खेती, जमीन से जुड़े विवाद और क्योटी जलप्रपात पर संभावित असर को लेकर चिंता जताई गई थी.
ग्रामसभा की सहमति और NOC प्रक्रिया पर भी सवाल
परियोजना को लेकर ग्रामसभा की सहमति, जमीन और अनापत्ति प्रमाणपत्र यानी NOC की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं, भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उमंग सिंघार ने आबादी के घनत्व, ग्रामसभा की सहमति और NOC प्रक्रिया पर सवाल करते हुए दस्तावेजों में अनियमितताओं के आरोप लगाए, फिलहाल ग्रामीणों की प्रमुख मांग परियोजना को पूरी तरह रद्द करने की है, प्रशासन की ओर से 10 दिनों तक परियोजना संबंधी गतिविधियां नहीं होने का मौखिक आश्वासन दिया गया है, लेकिन लिखित आदेश जारी नहीं होने के कारण आंदोलन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
यह भी पढ़ें : MP News: MP पुलिस SI-सूबेदार भर्ती 2026 का एडमिट कार्ड जारी, एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि से करें डाउनलोड
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: रीवा में टाटा न्यूक्लियर प्लांट का विरोध तेज, रात 1 बजे तालाब से निकाले गए प्रदर्शनकारी”