CG News: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर PM मोदी ने CM साय को लिखा पत्र, बस्तर से लेकर विकास योजनाओं तक का किया जिक्र
CG News: छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को शुभकामनाएं दी हैं. प्रधानमंत्री ने राज्य के नाम एक विशेष पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और बस्तर में हो रहे बदलावों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और लोक परंपराओं के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है. प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा.

बस्तर में विकास और शांति
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में बस्तर के बदलते हालात का विशेष रूप से जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक माओवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाना जाने वाला क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से माओवाद के प्रभाव में कमी आई है. प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलिंपिक और नियद नेल्ला नार जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रयास क्षेत्र में सुशासन, शांति और समृद्धि को बढ़ावा दे रहे हैं.
![]()
अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक फैसले को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी याद किया. उन्होंने कहा कि 26 वर्ष पहले अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का गठन हुआ था. इस फैसले से प्रदेश के लोगों की लंबे समय से चली आ रही अलग राज्य की मांग पूरी हुई और विकास की नई यात्रा शुरू हुई. मोदी ने यह भी बताया कि संगठन के दिनों में उन्हें सरगुजा के वनांचल से लेकर बस्तर तक छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जनजीवन को करीब से जानने का अवसर मिला था.

अंजोर विजन और डबल इंजन सरकार की योजनाओं का जिक्र
प्रधानमंत्री ने प्रदेश सरकार के विजन डॉक्यूमेंट अंजोर विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उन्होंने संत गुरु घासीदास के संदेश मनखे-मनखे एक समान को भी सरकार की नीतियों का आधार बताया. प्रधानमंत्री के मुताबिक, इसी भावना के साथ प्रदेश में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं.
![]()
परियोजनाओं और एयर कनेक्टिविटी का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में प्रदेश के बुनियादी ढांचे में हो रहे विस्तार की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है. वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों से रेल कनेक्टिविटी को विस्तार मिला है. इसके साथ ही राज्य में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क तैयार होने का भी उल्लेख किया. इन परियोजनाओं से प्रदेश में आवागमन और संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.

महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
प्रधानमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 लाख से अधिक पक्के मकान बनाए जा चुके हैं, जबकि करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं. उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था के माध्यम से 25 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने और महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दिए जाने का भी उल्लेख किया.
शिक्षा और युवाओं के अवसरों पर भी रखी बात
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा और उच्च शिक्षण संस्थानों के विस्तार को भी महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि एम्स, आईआईटी, आईआईएम और ट्रिपल आईटी जैसे संस्थान युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहे हैं. राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्थानीय बोलियों में प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल का भी उल्लेख किया. इसका उद्देश्य बच्चों को उनकी अपनी भाषा में बेहतर तरीके से सीखने का अवसर देना है.
मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाओं और प्रदेश के विकास कार्यों के उल्लेख पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: कोरबा में दिसंबर से शुरू होगी 40 इलेक्ट्रिक बसों की सेवा, सतरेंगा समेत पर्यटन स्थलों तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर PM मोदी ने CM साय को लिखा पत्र, बस्तर से लेकर विकास योजनाओं तक का किया जिक्र”