Sidhi News: सराफा बाजार में पाइपलाइन टूटने से सड़क पर भरा पानी, 2 घंटे तक बहती रही सप्लाई
Sidhi News: सीधी शहर के कोतवाली रोड स्थित सराफा बाजार में रविवार सुबह पाइपलाइन टूटने से करीब 2 घंटे तक पानी सड़क पर बहता रहा. सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक लगातार पानी निकलने के कारण सड़क पर जलभराव हो गया और लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका को सूचना देने के बावजूद समय रहते पानी की सप्लाई बंद नहीं की गई.

शिकायत के बाद भी जारी रहा पानी का बहाव
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पाइपलाइन टूटने की जानकारी नगर पालिका प्रशासन को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद करीब दो घंटे तक पानी बहता रहा. सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद ही रास्ते को डायवर्ट किया. इसके कारण शहर की ओर जाने वाले लोगों को करीब 2 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.
सप्लाई का समय खत्म होने पर बंद किया गया वाल्व
नगर पालिका की ओर से बताया गया कि पानी की सप्लाई का निर्धारित समय सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक था. इसी वजह से पहले वाल्व बंद नहीं किया गया. निर्धारित समय पूरा होने के बाद वाल्व बंद कर दिया गया, जिसके बाद पाइपलाइन से पानी का बहाव रुक गया.

निवासी ने सीएमओ को फोन कर की शिकायत
क्षेत्रीय निवासी रितेश सिंह ने नगर पालिका सीएमओ महमूद हसन को फोन कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने पाइपलाइन टूटने से लगातार पानी बहने और सड़क पर आवागमन बाधित होने की शिकायत की, नगर पालिका सीधी के सीएमओ महमूद हसन ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10 बजे पाइपलाइन टूटने की जानकारी मिली थी. इसके बाद उन्होंने संबंधित टीम को मौके पर भेजकर पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए. सीएमओ के मुताबिक, शिकायत मिलने के बावजूद पानी की सप्लाई तत्काल बंद क्यों नहीं की गई, इसकी जांच कराई जा रही है.
शहर के कई वार्डों में बना रहता है पेयजल संकट
सीधी शहर के कई वार्डों में पेयजल संकट की समस्या बनी रहती है. ऐसे में सोन नदी और अन्य सहायक नदियों के पानी को शुद्ध कर लोगों तक पहुंचाया जाता है. दूसरी ओर, पाइपलाइन टूटने के बाद लंबे समय तक पानी बहते रहने की घटना जलापूर्ति व्यवस्था और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर रही है. अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और नगर पालिका भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाती है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: भंवरसेन पहाड़ी पर जाने की रोक के बावजूद पहुंचे 80 से अधिक श्रद्धालु, वन विभाग ने बंद किया दूसरा रास्ता
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










