Chitrakoot Mela 2026: दीपावली अमावस्या मेले में पहुंचेंगे 50 लाख श्रद्धालु, सुरक्षा के लिए 11 जोन और 64 मजिस्ट्रेट तैनात
Chitrakoot Mela 2026: मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित धर्मनगरी चित्रकूट में दीपावली अमावस्या का पांच दिवसीय मेला 6 से 10 नवंबर तक आयोजित होगा. मेले में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है. इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं.

11 जोन, 64 मजिस्ट्रेट तैनात
मेले के बेहतर संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए मध्य प्रदेश के मेला क्षेत्र को 11 जोन में बांटा गया है. कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने 64 कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है. इनके साथ पटवारियों की भी तैनाती की गई है. सभी अधिकारी तीन पालियों में काम करेंगे. प्रशासन ने अधिकारियों को 5 नवंबर को अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश प्रशासन ने चित्रकूट क्षेत्र को 8 जोन और 22 सेक्टरों में विभाजित किया है.
![]()
मंदाकिनी नदी पर बनाए गए दो अस्थायी पीपा पुल
अगस्त में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ के कारण हनुमानधारा को जोड़ने वाला बड़ा पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया था. श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए नदी पर दो अस्थायी पीपा पुल तैयार किए गए हैं. पहला पुल पहले ही बन चुका था, जबकि दूसरा पुल बुधवार को तैयार हुआ. क्षतिग्रस्त बड़े पुल पर रामसेतु की चित्रकारी भी की गई है. भरत घाट पर श्रद्धालुओं के लिए फ्लोटिंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, मंदाकिनी के घाटों पर एसडीईआरएफ के जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे.
गुप्त गोदावरी की गुफाएं रहेंगी बंद
अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण असुरक्षित हुई गुप्त गोदावरी की गुफाओं को फिलहाल श्रद्धालुओं के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है. हालांकि, श्रद्धालुओं को यहां के सूक्ष्म दर्शन कराने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है. प्रशासन का उद्देश्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धार्मिक गतिविधियों को व्यवस्थित बनाए रखना है.
10 नवंबर तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
मेले के दौरान 6 से 10 नवंबर तक चित्रकूट में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. यातायात पुलिस ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं. ट्रकों और लोडर वाहनों को सोनौर चौराहा से सिंहपुर-कालिंजर और पिंडरा तिराहा से बरौंधा-खोही मार्ग की ओर भेजा जाएगा. दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए 9 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. वहीं, सतना से आने वाली बसों को मोकमगढ़ तिराहा स्थित अस्थायी बस स्टैंड पर खड़ा कराया जाएगा.
आठ स्थानों पर 16 मेडिकल टीमें रहेंगी तैनात
मेले में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 8 स्थानों पर 16 मेडिकल टीमें दो शिफ्टों में तैनात रहेंगी. करीब 50 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला के मुताबिक मझगवां, कोठी, उचेहरा, बिरसिंहपुर और जिला अस्पताल मैहर में 5-5 बेड आरक्षित किए गए हैं. इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है. श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए धर्मनगरी में आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए हैं और जगह-जगह रंगीन रोशनी से सजावट की गई है.
यह भी पढ़ें : Satna News: हत्या के आरोपी की जमानत पर रिहाई के बाद शहर में निकली रैली, बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीने का वीडियो वायरल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Chitrakoot Mela 2026: दीपावली अमावस्या मेले में पहुंचेंगे 50 लाख श्रद्धालु, सुरक्षा के लिए 11 जोन और 64 मजिस्ट्रेट तैनात”