Jashpur News: CM साय ने पमशाला को दी 1.97 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, चार महतारी सदनों का भी होगा निर्माण
Jashpur News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड स्थित ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इन कार्यों में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण शामिल हैं. इनके पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

चार महतारी सदनों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया. इन भवनों के निर्माण पर कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र बनेंगे. यहां महिलाएं एक साथ बैठक कर आपसी संवाद, सामूहिक गतिविधियों और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ा सकेंगी.

चार सामुदायिक भवन भी बनेंगे
ग्रामीणों को सार्वजनिक और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया. प्रत्येक भवन के निर्माण पर 13 लाख 27 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. इन भवनों से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी, मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया. इसके साथ ही पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया. सड़क और पुलिया बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी.

गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है. सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण इलाकों में सड़क, बिजली, पानी और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि गांवों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ग्रामीणों का जीवन अधिक सहज और सुविधाजनक बन सके.

महतारी सदन से महिलाओं को नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, वहीं महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने कहा कि ये भवन केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि गांव की माताओं और बहनों को आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर प्रदान करने वाले केंद्र साबित होंगे.

ग्रामीण जीवन को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं गांवों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं का सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी, कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : CG News: धरसींवा की 144 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगी अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा, CM साय ने किया शुभारंभ
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










