MP Politics: निर्मला सप्रे को महेश राय का मजेदार तंज, जानिए क्या है पूरा मामला
MP Politics: मध्य प्रदेश की सियासत में विधायक निर्मला सप्रे एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या विधानसभा की कार्रवाई नहीं, बल्कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुआ मजेदार संवाद है. रविवार, 22 नवंबर को सागर जिले के बीना में संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें निर्मला सप्रे के साथ राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, पूर्व विधायक महेश राय और क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल देखने को मिला. इसी बीच महेश राय ने निर्मला सप्रे से कुछ ऐसा कह दिया कि वहां मौजूद लोग हंसने लगे. अब इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है.
महेश राय बोले, तुमने पूरी बीजेपी को शुगर कर दी
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों के बीच मिठाई खिलाने का सिलसिला चल रहा था. इसी दौरान पूर्व विधायक महेश राय ने निर्मला सप्रे को मिठाई खिलाते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, निर्मला, तुमने तो पूरी बीजेपी को शुगर कर दी है. महेश राय की इस टिप्पणी को सुनकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई. राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल भी अपनी हंसी नहीं रोक सके. इसके बाद निर्मला सप्रे ने भी महेश राय को मिठाई खिलाई. नेताओं के बीच हुए इस हल्के-फुल्के संवाद ने कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा बना दिया और अब यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
आमंत्रण पत्र में नाम नहीं होने पर नाराजगी
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान एक दूसरा विवाद भी सामने आया. जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा राय ने कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में अपना नाम शामिल नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है. बताया गया कि आमंत्रण पत्र में सुधार किए बिना ही उसका वितरण कर दिया गया. इस बात को लेकर उषा राय ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है. इस तरह एक ओर कार्यक्रम में नेताओं के बीच हंसी-मजाक देखने को मिला, तो दूसरी ओर आमंत्रण पत्र में नाम को लेकर असंतोष भी सामने आया.
बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने
दरअसल, निर्मला सप्रे बीना विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक हैं. उन्होंने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी. हालांकि, चुनाव के बाद से ही उनके राजनीतिक रुख और बीजेपी नेताओं के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. सप्रे कई मौकों पर बीजेपी के संगठनात्मक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होती दिखाई दी हैं. इसी को आधार बनाकर कांग्रेस ने उनकी विधानसभा सदस्यता को लेकर आपत्ति जताई थी. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के समक्ष याचिका दायर की थी.
सदस्यता विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा
निर्मला सप्रे की विधायकी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच चल रहा विवाद अब न्यायिक प्रक्रिया तक पहुंच चुका है. विधानसभा अध्यक्ष की ओर से मामले में फैसला नहीं आने के बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा. उच्चतम न्यायालय ने विधानसभा अध्यक्ष को इस प्रकरण पर एक महीने के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया है. ऐसे में सप्रे की विधानसभा सदस्यता को लेकर राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है.
राजनीतिक रुख पर सियासी बयानबाजी जारी
निर्मला सप्रे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के दावे अलग-अलग हैं. बीजेपी की ओर से कहा जाता रहा है कि सप्रे अपनी इच्छा से राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने का फैसला ले रही हैं. वहीं कांग्रेस का आरोप है कि निर्मला सप्रे बीजेपी में शामिल हो चुकी हैं और ऐसे में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए. फिलहाल सदस्यता विवाद पर अंतिम निर्णय का इंतजार है. इस बीच बीना के लोकार्पण कार्यक्रम में महेश राय की शुगर वाली टिप्पणी ने एक बार फिर निर्मला सप्रे को सुर्खियों में ला दिया है.
यह भी पढ़ें : MP News: भर्ती के वादों पर ESB की सुस्ती भारी, 6 परीक्षाओं के रिजल्ट लंबित और कई भर्तियां 2027 तक टलीं
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










