CG News: बगिया में परिवार के साथ दिवाली मनाने पहुंचे CM साय, PM मोदी के बस्तर दौरे पर जताया आभार
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बार दीपावली का पर्व अपने गृह निवास बगिया में परिवार के साथ मनाया. त्योहार के मौके पर उनके घर पर दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा. जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों तक, कई लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं.

पत्नी कौशल्या साय और परिवार के साथ मनाया त्योहार
मुख्यमंत्री ने पत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं. इस दौरान घर के आंगन में दीप जलाए गए और परिवार के लोगों ने मिलकर फुलझड़ियां तथा अनार जलाए. मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए सभी के जीवन में सुख और खुशहाली की कामना की.

दीपावली को बताया प्रेम और सद्भाव का प्रतीक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दीपावली का पर्व जीवन में नई उम्मीद और सकारात्मकता लेकर आता है. यह त्योहार अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी एकता को मजबूत करने का अवसर देते हैं. मुख्यमंत्री ने कामना की कि दीपावली की रोशनी हर घर तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ सुख, शांति तथा समृद्धि के साथ विकास के नए मुकाम हासिल करे.

लोगों की मांगों और शिकायतों पर अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री से दीपावली की बधाई देने पहुंचे लोगों ने मुलाकात के दौरान अपनी समस्याएं और विभिन्न मांगें भी रखीं. साय ने सभी की बातें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आम लोगों की परेशानियों का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में अधिकारियों को गंभीरता से काम करना चाहिए.

प्रधानमंत्री मोदी के बस्तर आगमन पर जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया. उन्होंने प्रधानमंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका बस्तर पहुंचना पूरे संभाग के लिए गर्व और सम्मान की बात है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बस्तर की पहचान कभी नक्सलवाद और हिंसा से जुड़ी रही, वहां अब शांति और विकास का माहौल मजबूत हो रहा है, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर में विकास और खुशहाली की नई राह तैयार हो रही है. क्षेत्र के लोग अब भय और हिंसा के बजाय शांति, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि बस्तर में आ रहा बदलाव नए छत्तीसगढ़ की पहचान है और यह क्षेत्र आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा.
यह भी पढ़ें : CG News: महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर से होगी पूछताछ, रायपुर कोर्ट ने CBI को 8 दिन की कस्टडी दी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










