CG News: छत्तीसगढ़ में AI से होगी ग्रामीण सड़कों की निगरानी, हर महीने वीडियो स्कैन से होगी जांच
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, PMGSY, के तहत बनी ग्रामीण सड़कों की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, AI, तकनीक का उपयोग करने जा रही है. उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को AI आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं. इसका उद्देश्य सड़क रखरखाव को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है, नई व्यवस्था के तहत PMGSY की सड़कों का हर महीने वीडियो स्कैन किया जाएगा. इसके लिए AI आधारित मोबाइल एप और डिजिटल डैशबोर्ड का उपयोग किया जाएगा. यह तकनीक सड़क पर मौजूद गड्ढों, दरारों, पॉटहोल और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर रियल टाइम रिपोर्ट तैयार करेगी, जिससे सड़क की वास्तविक स्थिति तुरंत सामने आ सकेगी.
खराब सड़कों की पहले होगी मरम्मत
AI से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी. पहले इन सड़कों की मरम्मत और रखरखाव की योजना बनाई जाएगी, उसके बाद अन्य मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा. इससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा, सरकार इस नई तकनीक की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में करेगी. पहले प्रत्येक जिले में एक-एक सड़क का AI आधारित निरीक्षण किया जाएगा. शुरुआती परिणामों की समीक्षा के बाद इस व्यवस्था को पूरे प्रदेश की ग्रामीण सड़कों पर लागू करने की योजना है.
तकनीक से बढ़ेगी पारदर्शिता
सरकार का मानना है कि AI आधारित निगरानी प्रणाली से सड़क निरीक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी. क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान समय रहते हो सकेगी, जिससे मरम्मत कार्य में तेजी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधाओं का लाभ मिलेगा, विभागीय अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में AI तकनीक के प्रभावी उपयोग और इसके क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई. सरकार का लक्ष्य आधुनिक तकनीक की मदद से ग्रामीण सड़क नेटवर्क को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और बेहतर बनाना है, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण सड़क सुविधा मिल सके.
यह भी पढ़ें : CG News: नवा रायपुर OTS योजना-2026 को कैबिनेट की मंजूरी, रुकी परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
